बिहार के रोहतास जिले में अपराध और प्रतिशोध का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक मजदूर की बेदर्दी से गोली मारकर हत्या कर दी गई और उसके शव को नहर में फेंक दिया गया। घटना की खबर फैलते ही इलाके में भारी तनाव फैल गया। उग्र ग्रामीणों और मृतक के परिजनों ने आरोपी के घर पर धावा बोल दिया और जमकर उत्पाद मचाया। गुस्साई भीड़ ने आरोपी के मकान, खड़े ट्रैक्टर और हार्वेस्टर को आग के हवाले कर दिया।
कहां का मामला
रोहतास जिले के दिनारा थाना क्षेत्र के जोगिया गांव से बड़ी खबर सामने आई है। यहां एक मजदूर की गोली मारकर हत्या किए जाने के बाद पूरे इलाके में हिंसा भड़क गई। आरोप है कि आरोपी अजीत तिवारी ने मजदूर जनेश्वर चौधरी की गोली मारकर हत्या कर दी और शव को नहर में फेंक दिया। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में आरोपी के घर पर हमला बोलते हुए आग लगा दी। आगजनी में तीन ट्रैक्टर, एक हार्वेस्टर तथा भूसा रखने की झोपड़ी जलकर राख हो गई। सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल मौके पर पहुंची है और हालात को नियंत्रित करने का प्रयास किया जा रहा है।
मृतक का हुआ था विवाद
बताया जाता है कि मृतक जनेश्वर चौधरी रोहतास जिले के मिल्की मनिहारी गांव के निवासी थे और जोगिया गांव में अजीत तिवारी के यहां मजदूरी करने गए थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद के दौरान अजीत तिवारी ने फायरिंग शुरू कर दी। पहली गोली एक कुत्ते को लगी, जबकि दूसरी गोली जनेश्वर चौधरी को लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
ग्रामीणों के अनुसार हत्या के बाद आरोपी जनेश्वर चौधरी शव को अपनी गाड़ी में लेकर गया और उसे नहर में फेंक दिया। फिलहाल पुलिस नहर में शव की तलाश कर रही है। वहीं घटना की सूचना मिलते ही आसपास के गांवों के लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए और उनका आक्रोश फूट पड़ा। गुस्साए ग्रामीणों ने आरोपी अजीत तिवारी के घर को आग के हवाले कर दिया। आगजनी में तीन ट्रैक्टर, एक हार्वेस्टर तथा भूसा रखने वाली झोपड़ी पूरी तरह जल गई। हंगामे के दौरान आरोपी के परिजन डर की वजह से घर के अंदर ही बंद रहे।
गांव में तनाव का माहौल
सूचना मिलते ही बिक्रमगंज के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सिंधु शेखर सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे और लोगों को शांत कराने का प्रयास किया। हालात बिगड़ते देख रोहतास के पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार भी मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित करने में जुट गए। पुलिस ने आरोपी के घर से भारी मात्रा में शराब की खाली बोतलें भी बरामद की हैं। पूरे गांव में तनाव का माहौल है।
(रिपोर्ट-रंजन सिंह)









