डाइटिंग का मतलब कम खाना नहीं है बल्कि हेल्दी खाना है। वजन बढ़ने और वजन कम करने में आपकी डाइट बड़ा रोल प्ले करती है। हाल ही में एक महिला ने इंस्टाग्राम पर अपनी वेट लॉस जर्नी के बारे में शेयर करते हुए बताया है कि खाने में उन्होंने 5 चीजों को पूरी तरह से कट कर दिया है, जिससे उनके वजन पर काफी असर पड़ा है। सिर्फ रोजमर्रा की खान-पान की आदतों में बदलाव करने से उन्होंने मोटापा कम किया है। इसके लिए उन्होंने अपनी डाइट से मीठे ड्रिंक, रिफाइंड कार्बोहाइड्रेट, नमकीन पैकेटबंद स्नैक्स और कैलोरी से भरपूर फास्ट फूड को कम करना शुरू किया। महिला ने नींद और नियमित व्यायाम पर भी फोकस किया और इस तरह महिला ने 32 किलो वजन कम कर लिया है।
कंटेंट क्रिएटर दीप्ति का वजन 92 किलो हुआ करता था जो अब घटकर 60 किलो हो गया। दीप्ति ने एक दो किलो नहीं बल्कि पूरे 32 किलो वजन कम किया है। उन्होंने उन 5 चीजों की लिस्ट शेयर की है जिसे उन्होंने पूरी तरह से खाना बंद कर दिया और उसकी जगह हेल्दी चीजों को डाइट में शामिल किया। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि सिर्फ कुछ खाना छोड़ने से वजन कम नहीं होता बल्कि आप जो खा रहे हैं उसमें कितनी कैलोरी है और कैलोरी में कमी करना जरूरी है।
वजन घटाने के लिए छोड़ दें ये 5 चीजें
मीठे ड्रिंक- वजन घटाने के लिए अपनी डाइट से मीठे ड्रिंक्स को पूरी तरह से आउट कर दें। ये ड्रिंक शरीर में फैट जमा होने और वाटर रिटेंशन का कारण बनते हैं। जिससे चेहरा फूला हुआ दिख सकता है और वजन बढ़ सकता है। इसके बजाय आप नींबू पानी, नारियल पानी और ग्रीन टी जैसे ड्रिंक ले सकते हैं।
सफेद ब्रेड- खाने से मैदा और उससे बनी चीजें आउट कर दें। अगर आप सफेद ब्रेड खाते हैं तो उन्हें खाना भी बंद कर दें। इसका कारणहै कि व्हाइट ब्रेड में रिफाइंड कार्बोहाइड्रेट की मात्रा काफी ज्यादा होती है और ये चीजें इंसुलिन के स्तर को अचानक बढ़ा सकती हैं। जिससे फैट स्टोर होना शुरू हो जाता है। इसकी बजाय आप रोटी, मल्टीग्रेन ब्रेड, होल व्हीट ब्रेड, सॉरडो और ओट्स ब्रेड खा सकते हैं।
पैकेटबंद स्नैक्स- चिप्स और दूसरे पैकेटबंद स्नैक्स भी डाइट से खत्म कर दें। इनमें नमक की मात्रा काफी ज्यादा होती है। जो पेट फूलने का कारण बन सकता है और साथ ही अनावश्यक क्रेविंग को भी बढ़ा सकता है। पैकेटबंद स्नैक्स की बजाय आप भुने चने, मेवे और मखाने खाएं।
तला हुआ फास्ट फूड- तेल वाली चीजें खाने से कम कर दें। जिसमें तले हुए बर्गर, फ्राइज़ और इसी तरह के फास्ट फूड से भी परहेज किया। इन चीजों में फैट और नमक की मात्रा काफी ज्यादा होती है। अधिक कैलोरी होने से आपको इसे खाकर सुस्ती भी महसूस हो सकती है। इसकी जगह घर पर बने रैप्स, पनीर या चिकन टिक्का और सिंपल घर का खाना खाएं।
देर रात खाना- जो लोग देर रात खाना खाते हैं उनका वजन तेजी से बढ़ने लगता है। इससे खाने की क्रेविंग और बढ़ती है। इसलिए देर रात बिना सोचे-समझे स्नैक्स खाना बंद कर दें। खासतौर से सोने से पहले ऐसा न करें। इससे अनजाने में ही आपकी कुल कैलोरी की मात्रा बढ़ सकती है। रात का खाना जल्दी और हेल्दी खाएं।
वजन घटाने के लिए इसके साथ अच्छी नींद और नियमित व्यायाम भी जरूरी है। इन बदलावों को अपनी आदत में शामिल कर लें। इसके साथ रोजाना 2 से 3 लीटर पानी पीएं और रात में कम से कम 7 घंटे की नींद लें। रोजाना टहलने की आदत बना लें।









