Pre-wedding Relationship advice: शादी की डेट जैसे-जैसे करीब आती है, वैसे-वैसे घर में खुशियों का माहौल बढ़ने लगता है. शॉपिंग, तैयारियां और नए जीवन की शुरुआत का उत्साह हर किसी को रोमांचित करता है. प्यार की शुरुआत में हमारे शरीर में डोपामाइन और ऑक्सीटोसिन जैसे ‘हैप्पी हार्मोन’ ज्यादा बनने लगते हैं. यही वजह है कि हमें अपने पार्टनर की हर बात अच्छी लगती है और कई बार उनकी कमियों को भी नजरअंदाज कर देते हैं. लेकिन शादी सिर्फ एक दिन का समारोह नहीं, बल्कि पूरी जिंदगी का साथ है. इसलिए शादी से पहले अपने रिश्ते को समझदारी और खुली नजर से देखना बहुत जरूरी है.
शादी से पहले इन दो बातों पर ध्यान देना जरूरी-
1. नशे की आदत को हल्के में न लें-
एक पॉडकास्ट ‘Question Everything’ में जेम्स सेक्सटन ने बताया कि उनके अनुभव में सबसे बड़ा रेड फ्लैग किसी व्यक्ति का शराब, ड्रग्स या किसी भी तरह के नशे का आदी होना है.
शुरुआत में कई लोग इसे सिर्फ दोस्तों के साथ पार्टी करना या कभी-कभार शराब पीना समझकर नजरअंदाज कर देते हैं. लेकिन सेक्सटन का मानना है कि नशे की आदत सिर्फ एक खराब आदत नहीं होती. कई बार इसके पीछे मानसिक तनाव, डिप्रेशन या दूसरी भावनात्मक परेशानियां छिपी होती हैं.
उनके मुताबिक, अगर किसी में शुरुआत से ही नशे की आदत दिखाई दे रही है, तो शादी के बाद जिम्मेदारियां बढ़ने पर यह और गंभीर हो सकती है. इसका असर रिश्ते, परिवार की आर्थिक स्थिति और मानसिक शांति तीनों पर पड़ सकता है.
सेक्सटन के अनुसार दूसरा बड़ा रेड फ्लैग है, जब कोई व्यक्ति अपनी गलती मानने से बचता है या सिर्फ दिखावे के लिए माफी मांगता है.
उनका कहना है कि किसी इंसान के स्वभाव को समझने का आसान तरीका यह है कि वह अपनी गलती के बाद कैसे माफी मांगता है. कई लोग कहते हैं, “मुझे दुख है कि तुम्हें बुरा लगा” या “तुम हर छोटी बात को दिल पर ले लेते हो.” ऐसी बातें असली माफी नहीं होतीं, क्योंकि इनमें अपनी गलती मानने के बजाय सामने वाले को ही जिम्मेदार ठहराया जाता है.
ऐसी आदत धीरे-धीरे रिश्ते में नाराजगी और दूरी बढ़ा सकती है. शादीशुदा जिंदगी में मतभेद होना सामान्य बात है, लेकिन अगर कोई अपनी गलती स्वीकार ही नहीं करता, तो बातचीत और भरोसा दोनों कमजोर पड़ने लगते हैं.
कैसी होनी चाहिए सच्ची माफी?
जेम्स सेक्सटन के मुताबिक, अच्छी माफी वही होती है जिसमें इंसान अपनी गलती पूरी ईमानदारी से स्वीकार करे. जैसे,
“मुझे समझ आ गया है कि मेरी इस बात या हरकत से तुम्हें दुख पहुंचा. मुझे ऐसा नहीं करना चाहिए था. मुझे अपने किए पर सच में अफसोस है. अगर मुझे दोबारा मौका मिला, तो मैं यही गलती नहीं दोहराऊंगा और बेहतर तरीके से व्यवहार करूंगा.”
शादी से पहले इन बातों पर जरूर करें गौर
शादी के लिए सिर्फ अच्छा करियर, सुंदर व्यक्तित्व या परिवार ही काफी नहीं होता. यह भी देखना जरूरी है कि आपका पार्टनर मुश्किल समय में कैसा व्यवहार करता है, क्या वह अपनी गलती मानता है और क्या वह किसी गंभीर लत से दूर है. अगर इन दोनों बातों पर आपका साथी खरा उतरता है, तो भविष्य में रिश्ता मजबूत और भरोसेमंद बनने की संभावना काफी बढ़ जाती है.








