नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली समेत NCR इलाके में आज सुबह से ही जबरदस्त बारिश हो रही है। इस वक्त भी काफी तेज बारिश हो रही है। वहीं बारिश की वजह से दिल्ली में जगह-जगह जलभराव की स्थिति हो गई है। यहां सफदरजंग अस्पताल से लेकर कनॉट प्लेस तक काफी पानी भर गया है। सरायकाले खां, कापसहेड़ा बॉर्डर, छतरपुर फार्म इलाके में भी जलजमाव से सड़कें जलमग्न हो गई हैं। गाड़ियों की रफ्तार पर भी ब्रेक लग गया है।
जलभराव की वजह से लगा जाम
बारिश की वजह से दिल्ली, गुरुग्राम, नोएडा सभी जगह कई किलोमीटर का लंबा जाम लगा हुआ है। दिल्ली-जयपुर हाइवे पर भी गाड़ियों की लंबी कतारें लग गई हैं। पानी इतना ज्यादा बरस रहा है कि कहां गड्ढा है, कहां सड़कें टूटी हैं, ये कुछ भी पता नहीं चल रहा है। यही वजह है कि गाड़ियां सड़कों पर रेंग रहीं हैं। मौसम विभाग की तरफ से बारिश को लेकर रेड अलर्ट भी जारी किया गया है। वहीं मौसम विभाग ने दिल्ली में अगले तीन दिनों तक लोगों से सावधानी बरतने की अपील भी की है।
दिल्ली में हुई भारी बारिश
IMD के वैज्ञानिक अंकित ने बताया, “कल दिल्ली में ठीक-ठाक बारिश हुई। आज भी ठीक-ठाक से लेकर भारी बारिश होने की संभावना है और इसे देखते हुए अलर्ट जारी किया गया है। कल बारिश की गतिविधि में थोड़ी कमी आने की उम्मीद है, और अगले दो दिनों तक दिल्ली में हल्की बारिश हो सकती है। अभी बारिश हो रही है, लेकिन हमें धीरे-धीरे कमी आने की उम्मीद है, और कल से हल्की बारिश हो सकती है।”
अगले तीन दिनों तक दिल्ली में बारिश
दिल्ली को लेकर IMD के वैज्ञानिक ने कहा, “8 और 9 तारीख को दिल्ली में बारिश ‘हल्की’ श्रेणी में रहने की संभावना है। उसके बाद, इसके ‘बहुत हल्की’ से ‘हल्की’ रहने की उम्मीद है।” मौसम विभाग ने 10 अगस्त तक दिल्ली में हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान जताया है।
क्या स्कूलों में रहेगी छुट्टी?
दिल्ली के शिक्षा निदेशालय (DoE) या NCR इलाकों (नोएडा, गाज़ियाबाद, गुरुग्राम) के ज़िला प्रशासन की ओर से स्कूल बंद करने के बारे में अभी तक कोई आधिकारिक सूचना नहीं आई है। हालांकि छात्रों और अभिभावकों को सलाह दी जाती है कि वे प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं को देखें और इस बारे में स्कूलों से संपर्क करें। इस बीच, कांवड़ यात्रा के कारण गाजियाबाद में स्कूल 12 अगस्त तक बंद रहेंगे। हालांकि, दिल्ली-NCR इलाके में कल स्कूल बंद रहने की संभावना है, क्योंकि कल दूसरा शनिवार है।
दिल्ली में कल रात से 9 घर गिरे
दिल्ली फायर सर्विस की तरफ से बताया गया, “दिल्ली में सुबह से ही ज़ोरदार बारिश हो रही है। फायर डिपार्टमेंट को कल देर रात से घर गिरने की 9 घटनाओं के बारे में कॉल मिली हैं। इसके अलावा, फायर डिपार्टमेंट को दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में 16 पेड़ गिरने की भी सूचना मिली है। पेड़ गिरने की ऐसी ही एक घटना में, तीन महिलाएं एक घर के अंदर फंस गई थीं, जिन्हें बाद में फायर डिपार्टमेंट की मदद से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।”
देश के अन्य राज्यों में कैसा रहेगा मौसम?
उन्होंने आगे कहा, “उत्तर-पश्चिम भारत की बात करें तो, उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों और हिमाचल प्रदेश व उत्तराखंड जैसे पहाड़ी राज्यों की कुछ जगहों पर भारी बारिश की चेतावनी के साथ येलो अलर्ट जारी किया गया है। पूर्वी राजस्थान के कुछ हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना के कारण ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा, आज उत्तर-पश्चिम भारत के कुछ इलाकों में भारी बारिश का अनुमान है। बारिश की गतिविधि को व्यापक रूप से देखें तो, अगले 24 घंटों में पूर्वी भारत के ऊपर कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। इस सिस्टम से गंगा के मैदानी इलाकों वाले पश्चिम बंगाल और ओडिशा में भारी से बहुत भारी बारिश होने की उम्मीद है।”
यह भी पढ़ें-
देवप्रयाग के पास दर्दनाक हादसा, खाई में बोलेरो गिरने से 5 की मौत, एक लापता








