देवप्रयाग के पास दर्दनाक हादसा, खाई में बोलेरो गिरने से 5 की मौत, एक लापता

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


उत्तराखंड के देवप्रयाग में एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां शुक्रवार को सड़क हादसे में बोलेरो वाहन गहरी खाई में गिर गया। हादसा पौड़ी की ओर डंपिंग जोन के पास हुआ। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीम निरीक्षक मंजरी नेगी के नेतृत्व में मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। जानकारी के मुताबिक बोलेरो में कुल सात लोग सवार थे। एक घायल युवक, 16 वर्षीय अरम पुत्र अफजाल (निवासी रायपुर जीतपुर, हरिद्वार) को स्थानीय लोगों ने पहले ही निकालकर अस्पताल पहुंचा दिया था।

पांच लोगों की हुई मौत

एसडीआरएफ ने रेस्क्यू अभियान के दौरान पांच लोगों के शव बरामद किए। मृतकों की पहचान अफजाल (49), गुफरान (34), सब्बू (40), अनामिया (3) और शादाब (14) के रूप में हुई। हादसे में एक अन्य व्यक्ति अभी भी लापता है। एसडीआरएफ, स्थानीय पुलिस और अन्य एजेंसियां संयुक्त रूप से सर्च अभियान चला रही हैं। घटना के संबंध में आगे की कानूनी कार्रवाई स्थानीय पुलिस द्वारा की जा रही है।

एक लापता की तलाश जारी

SDRF ने बताया कि हरिद्वार के लक्सर इलाके का एक परिवार बोलेरो कार से यात्रा कर रहा था, तभी ड्राइवर का गाड़ी से नियंत्रण हट गया और गाड़ी गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के समय गाड़ी में कुल सात लोग सवार थे। SDRF के मुताबिक, घटनास्थल से पांच लोगों के शव बरामद किए गए, जिनमें एक महिला और एक बच्ची शामिल हैं, जबकि अरहम नाम का एक लड़का घायल अवस्था में मिला जिसे स्थानीय लोगों ने अस्पताल पहुंचाया।

सीएम धामी ने जताया दुख

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि घायलों का उचित और तुरंत इलाज सुनिश्चित किया जाए। सीएम धामी ने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, “देवप्रयाग-पौड़ी मार्ग पर हुई भीषण सड़क दुर्घटना का समाचार अत्यंत पीड़ादायक है। जिला प्रशासन को दुर्घटना में घायलों के समुचित एवं त्वरित उपचार के साथ ही गंभीर रूप से घायलों को आवश्यकता के अनुरूप एयरलिफ्ट कर हायर सेंटर रेफर करने हेतु निर्देशित किया है। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगतों की आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान तथा शोक संतप्त परिजनों को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें। प्रभु बदरी विशाल से सभी घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना करता हूं।”

यह भी पढ़ें-

यूपी विधानसभा चुनाव से पहले RLD को बड़ा झटका, प्रदेश अध्यक्ष रामाशीष राय ने पार्टी से दिया इस्तीफा





Source link

Leave a Comment

और पढ़ें