फाजिल्का: पंजाब के फाजिल्का से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला के घर के पास लिफाफे में 8 महीने का भ्रूण मृत अवस्था में मिला है। महिला ने मृत भ्रूण को देखा तो स्थानीय लोगों को भी इसकी सूचना दी। इसके बाद पुलिस की भी मामले की जानकारी दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और मृत भ्रूण को कब्जे में लिया। फिलहाल मृत भ्रूण को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस की टीम मामले की जांच में जुटी है कि भ्रूण का शव किसने यहां पर फेंका था। वहीं पुलिस की टीम सीसीटीवी फुटेज की मदद से भी मामले की जांच में जुटी हुई है। पुलिस का कहना है कि बच्चे को यहां किसने छोड़ा और यह किसका बच्चा है, इसकी जांच की जा रही है।
सड़क किनारे मृत अवस्था में मिला भ्रूण
दरअसल, शहर के लाधुका की बस्ती चंडीगढ़ में उस समय सनसनी फैल गई, जब एक महिला के घर के सामने सड़क किनारे दीवार के साथ लिफाफे में 8 महीने का भ्रूण मृत अवस्था में बरामद हुआ। स्थानीय लोगों की सूचना पर चौकी लाधुका पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। चौकी लाधुका के पुलिस अधिकारी रमेश कुमार ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि बस्ती चंडीगढ़ में एक घर के सामने लिफाफे में मृत भ्रूण का शव पड़ा हुआ है। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और फाजिल्का के सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में पोस्टमार्टम के लिए रखवाया जा रहा है।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया बच्चे का शव
पुलिस के अनुसार, यह करीब 8 महीने के आसपास का भ्रूण लग रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही बच्चे की मौत के असली कारणों का पता चल पाएगा। पुलिस ने इस मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बच्चे को यहां किसने छोड़ा और बच्चा किसका है। मामले की जांच के साथ आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य पहलुओं को भी खंगाला जा रहा है। (इनपुट- सुनील)
यह भी पढ़ें-
झारखंड के मंत्री इरफान अंसारी का सनसनीखेज आरोप, “CM हेमंत सोरेन की हत्या की थी कोशिश”









