अक्षय कुमार और सैफ अली खान के फैंस का लंबा इंतजार आखिरकार खत्म हो गया है। फिल्म के पहले लुक से सोशल मीडिया पर तहलका मचाने के बाद मेकर्स ने दो नए धमाकेदार पोस्टर्स जारी करने के बाद ही ‘हैवान’ का मच अवेटेड ट्रेलर भी आउट कर दिया है। एक्शन और सस्पेंस से भरपूर इस ट्रेलर के सामने आते ही दर्शकों के बीच फिल्म को लेकर उत्सुकता चरम पर पहुंच गई है। दोनों बड़े सितारों को एक बार फिर एक साथ बड़े पर्दे पर देखने के लिए फैंस बेहद उत्साहित नजर आ रहे हैं।
टीजर में दिखी सस्पेंस से भरी झलक
सामने आए टीजर में न अक्षय कुमार और न ही सैफ अली खान की साफ झलक नजर आ रही है, दोनों को डार्क टोन, साइड व्यू और पीछे से कैप्चर किया गया है। टीजर के आखिर में एक भयानक हंसी सुनाई दे रही है। सैफ अली खान की झलक देखकर जाहिर हो रहा है को दृष्टिहीन शख्स के रोल में हैं। वहीं अक्षय कुमार के रोल को लेकर क्लैरिटी नहीं हो रही है। टीजर सस्पेंस और थ्रिल से भरा है। कत्ल, अक्षय कुमार का भयानक रूप, सैफ की सूझ-बूझ की भी झलक मिल रही है। टीजर में एक हंसी और बैकग्राउंड म्यूजिक के अलावा कोई भी डायलॉग नहीं हैं।
अक्षय कुमार ने शेयर किया पोस्ट
अक्षय कुमार ने ‘हैवान’ के टीजर को जारी करते अपने इंस्टाग्राम पोस्ट के कैप्शन में लिखा, ‘वह खतरे को सुनता है…मैं ही खतरा हूं! अब जीत किसकी होगी? हीरो या हैवान? हैवान – टीजर अब आ गया है।’ टीजर देखने के बाद लोगों की प्रतिक्रियाएं भी सामने आने लगी हैं। कई फिल्मी सितारों के अलावा अक्षय और सैफ के फैन टीजर देखने के बाद प्यार बरसा रहे हैं।
लोगों का रिएक्शन
एक्टर गजराज राव उन चुनिंदा लोगों में से हैं जिन्होंने सबसे पहले रिएक्शन दिया। उन्होंने लिखा, ‘कमाल लग रहा है अक्षय।’ एक और शख्स ने लिखा, ‘अब और इंतजार नहीं हो रहा है, जल्द ही आपको साइको किलर के रोल में देखना है।’ एक शख्स ने लिखा, ‘क्या दमदार टीजर है, अक्षय और सैफ दमदार वापसी के लिए तैयार हैं।’
फिल्म से जुड़ी जानकारी
बता दें, सैफ अली खान और अक्षय कुमार की जोड़ी लंबे वक्त के बाद एक साथ पर्दे पर वापसी कर रही है। इस फिल्म का निर्देशन कोई और नहीं बल्कि दिग्गज फिल्म मेकर प्रियदर्शन कर रहे हैं, जो अपनी ‘हेरा फेरी’ और ‘भूलभुलैया’ जैसी कल्ट क्लासिक कॉमेडी के लिए जाने जाते हैं। प्रियदर्शन का सस्पेंस और थ्रिलर के साथ आना काफी दिलचस्प होने वाला है। ये फिल्म सिनेमाघरों में 11 सितंबर को रिलीज हो रही है। बता दें, अक्षय कुमार एक साइको किलर के रोल में नजर आने वाले हैं, वहीं सैफ अली खान एक अंधे लेफ्टिनेंट के रोल में हैं। कहानी जज की हत्या के इर्द-गिर्द घूमने वाली है।








