बिहार के समस्तीपुर जिले से हैरान करने वाला मामला सामने आया है। मुसरीघरारी थाना क्षेत्र में NH-28 पर रूपौली उच्च विद्यालय के पास बिस्किट से लदा एक ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गया। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। इसके बाद मौके पर जुटे लोगों ने ट्रक में लदे बिस्किट को लूटने की होड़ मच गई।
हादसे के बाद चालक फरार
बताया जा रहा है कि बिस्किट से भरा ट्रक NH-28 से गुजर रहा था। इसी दौरान रूपौली उच्च विद्यालय के पास अचानक ट्रक अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे पेड़ से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रक क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया।
बिस्किट के कार्टन निकालकर जाने लगे लोग
ट्रक के दुर्घटनाग्रस्त होने की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। इसके बाद कई लोग ट्रक से बिस्किट के कार्टन निकालकर अपने साथ ले जाने लगे। देखते ही देखते घटनास्थल पर बिस्किट के कार्टन ले जाने की होड़ मच गई। सड़क से निकलते लोग अपनी-अपनी बाइक रोक कर बिस्किट से भरे कार्टन ले गए। इनमें बड़ी संख्या में महिलाएं और बच्चे भी रहे।
पुलिस के सामने होती रही लूट
मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची, लेकिन पुलिस की मौजूदगी के बावजूद लोगों के बिस्किट के कार्टन ले जाने का सिलसिला जारी रहा। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें लोग ट्रक से बिस्किट के कार्टन निकालकर ले जाते हुए दिखाई दे रहे हैं। आसपास के लोगों को पता चला तो वो भी आ गए बिस्किट की लूट में शामिल हो गए।
जांच में जुटी पुलिस
हादसे का शिकार हुए ट्रक पर बिस्किट के लूट का वीडियो वायरल हो रहा है। फिलहाल पुलिस हादसे की जांच में जुटी है। ये ट्रक कहां से आ रहा था और कहां जा रहा था? पुलिस जानकारी जुटा रही है। ट्रक किस वजह से अनियंत्रित हुआ और हादसे के बाद ट्रक में लदे सामान के नुकसान को लेकर क्या कार्रवाई की जाएगी, यह जांच के बाद स्पष्ट होगा।
सुनील कुमार की रिपोर्ट
ये भी पढ़ें:
हैवान बना बेटा, पिता को गोली मारकर उतारा मौत के घाट, कमरे में लाश से बदबू आने पर हुआ खुलासा









