Friendship Burnout: हर दोस्ती में ऐसा दौर आ सकता है जब फोन पर किसी दोस्त का मैसेज देखकर जवाब देने का मन न करे. मिलने का प्लान बने तो उत्साह के बजाय थकान महसूस हो और कभी-कभी बिना किसी खास वजह के अकेले रहने का मन करने लगे. इसे हमेशा दोस्ती खत्म होने का संकेत समझना जरूरी नहीं है. कई बार इसकी वजह Friendship Burnout होती है. यानी दोस्ती निभाते-निभाते भावनात्मक रूप से इतना थक जाना कि बातचीत, मिलने-जुलने और लगातार उपलब्ध रहने की इच्छा कम होने लगे.
आज की तेज जिंदगी, काम का दबाव, सोशल मीडिया और रिश्तों में हर समय मौजूद रहने की उम्मीद इस अनुभव को और बढ़ा सकती है. दिलचस्प बात यह है कि इसका सामना करीबी दोस्तों के साथ भी हो सकता है.
Friendship Burnout क्या है?
Friendship Burnout का मतलब किसी दोस्त से अचानक नफरत या रिश्ता खत्म करने की इच्छा नहीं है. यह उस मानसिक और भावनात्मक थकान को कहा जा सकता है, जब दोस्ती को लेकर व्यक्ति खुद को लगातार जिम्मेदार महसूस करने लगे. मसलन, अगर कोई दोस्त हर छोटी परेशानी में आपको फोन करता है, हर समय आपकी उपलब्धता चाहता है या नाराज होने पर आपको अपराधबोध महसूस कराता है, तो धीरे-धीरे बातचीत बोझ जैसी लग सकती है. इसी तरह, अगर दोस्ती में हमेशा आप ही पहल कर रहे हैं, तो असंतुलन भी थकान पैदा कर सकता है.
हर मैसेज का तुरंत जवाब जरूरी नहीं
आज सोशल मीडिया और मैसेजिंग ऐप्स ने दोस्ती को आसान जरूर बनाया है, लेकिन इसके साथ एक अनकहा दबाव भी आया है. मैसेज देखकर तुरंत जवाब देना, स्टोरी पर प्रतिक्रिया देना या हर प्लान में शामिल होना कई लोगों के लिए सामान्य उम्मीद बन गई है. लेकिन इंसान हर समय सामाजिक ऊर्जा से भरा नहीं रह सकता. कभी काम, पढ़ाई, परिवार या सिर्फ अपने साथ समय बिताने की जरूरत होती है. ऐसे में जवाब देने की इच्छा न होना अपने आप में खराब दोस्त होने की निशानी नहीं है.
दोस्ती में थकान महसूस होने के संकेत
Friendship Burnout का एक बड़ा संकेत है कि आप दोस्त से बात करने के बाद पहले से ज्यादा थका हुआ महसूस करें. मिलने की योजना बार-बार टालना, बातचीत से बचने के लिए बहाने बनाना या फोन कॉल देखकर तनाव महसूस करना भी संकेत हो सकता है. कुछ लोगों को यह भी लगता है कि दोस्ती में उन्हें हमेशा अपनी भावनाओं का हिसाब देना पड़ता है. “कहां थे?”, “मैसेज का जवाब क्यों नहीं दिया?” या “तुम अब पहले जैसे नहीं रहे” जैसे सवाल लगातार सुनने पर रिश्ते में सहजता कम हो सकती है.
क्या इसका मतलब दोस्ती खत्म हो गई?
जरूरी नहीं. कई बार समस्या दोस्त नहीं, बल्कि आपकी सीमाओं की कमी होती है. यदि आप हर समय उपलब्ध रहते हैं, अपनी परेशानी के बावजूद दूसरों की समस्याएं सुनते हैं और “ना” कहने में असहज महसूस करते हैं, तो सामाजिक थकान होना स्वाभाविक है. ऐसे समय में थोड़ी दूरी लेना रिश्ते को तोड़ना नहीं, बल्कि खुद को संभालना हो सकता है. दोस्ती में स्वस्थ सीमाएं रखना भी उतना ही जरूरी है जितना साथ निभाना.
इससे कैसे निपटें?
सबसे पहले यह समझें कि आपको वास्तव में दोस्त से परेशानी है या लगातार सामाजिक संपर्क से. कुछ समय अपने लिए निकालें और बिना अपराधबोध के आराम करें. हर कॉल का तुरंत जवाब देना जरूरी नहीं है. अगर किसी खास दोस्त के व्यवहार से थकान हो रही है, तो शांत तरीके से अपनी सीमा बताई जा सकती है. जैसे, “अभी थोड़ा व्यस्त हूं, बाद में बात करते हैं.” एक छोटी-सी स्पष्ट बात कई अनावश्यक गलतफहमियों को रोक सकती है. अच्छी दोस्ती में हर दिन बात होना जरूरी नहीं. असली कसौटी यह है कि दूरी के बावजूद सम्मान, भरोसा और अपनापन बना रहे. इसलिए अगर कुछ समय अकेले रहने का मन कर रहा है, तो खुद को दोष देने के बजाय अपनी भावनात्मक ऊर्जा को समझना ज्यादा जरूरी है.









