बलिया में क्लीनिक संचालिका की हत्या का खुलासा, भतीजा गिरफ्तार, लोहे की रॉड से किया था वार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


बलिया के नगरा इलाके में क्लीनिक संचालिका कंचन भारती की हत्या की गुत्थी पुलिस ने सुलझाने का दावा किया है। वारदात के बाद से फरार चल रहे मृतका के भतीजे ओमकारेश्वर उर्फ बिट्टू को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने हत्या की बात स्वीकार की है। उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल लोहे की रॉड, मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन बरामद किया गया है।

पुलिस के अनुसार, 11 अगस्त की रात गड़वार मोड़ के पास स्थित कंचन भारती के क्लीनिक में उन पर लोहे की रॉड से हमला किया गया था। सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण उनकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद नगरा पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की और नामजद आरोपी की तलाश में टीमें लगाई गईं। जांच के दौरान पुलिस को आरोपी के बारे में अहम सुराग मिला। मुखबिर ने सूचना दी कि ओमकारेश्वर की मोटरसाइकिल झाड़ी बाबा मठ के पास सड़क किनारे पड़ी है और वह खुद आसपास की झाड़ियों में घायल हालत में छिपा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को पकड़ लिया।

क्लीनिक में हुई कहासुनी

पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि वह अपनी चाची कंचन को मोटरसाइकिल से क्लीनिक छोड़कर गया था। कुछ समय बाद जब वह वापस पहुंचा तो उसने कंचन को एक व्यक्ति से कमरे में बातचीत करते देखा। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। पुलिस के मुताबिक, कहासुनी के दौरान आरोपी ने गुस्से में लोहे की पाइप से कंचन के सिर पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने के बाद उनकी मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी मोटरसाइकिल लेकर वहां से निकल गया।

हादसे में घायल होकर झाड़ियों में छिपा

पुलिस के अनुसार, फरार होने के दौरान आरोपी की मोटरसाइकिल रास्ते में एक अज्ञात पिकअप वाहन से टकरा गई। हादसे में वह घायल हो गया। इसके बाद उसने पुलिस से बचने के लिए झाड़ियों में जाकर छिपने की कोशिश की, लेकिन पुलिस को उसकी लोकेशन की जानकारी मिल गई और उसे वहां से गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल बताई जा रही लोहे की रॉड भी बरामद कर ली है। आरोपी की पहचान 26 साल के ओमकारेश्वर उर्फ बिट्टू के रूप में हुई है, जो नगरा थाना क्षेत्र के खारी गांव का निवासी बताया गया है। पुलिस ने बताया कि मामले में नगरा थाने में मुकदमा अपराध संख्या 156/2026 दर्ज है और आरोपी के खिलाफ BNS की धारा 103(1) के तहत कार्रवाई की गई है। पूछताछ और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को अदालत में पेश कर दिया गया है।

(रिपोर्ट: अमित कुमार)

यह भी पढ़ें:

असम की युवती की बेरहमी से हत्या, कमरे से मिला लहूलुहान शव, पीजी में सहेली के साथ रहती थी

कानपुर में पुलिस और शातिर चोरों के बीच मुठभेड़, गोलीबारी के बीच एक चोर के गोली लगी, 2 गिरफ्तार





Source link

Leave a Comment

और पढ़ें