बालोतरा में क्रूड ऑयल चोरी का सनसनीखेज खुलासा, 6 महीने रेकी कर HPCL पाइपलाइन में लगा दिया वाल्व; अब तक बेच चुके 2 टैंकर तेल

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


राजस्थान के बालोतरा जिले की पचपदरा तहसील से गुजर रही HPCL रिफाइनरी की क्रूड ऑयल पाइपलाइन में सेंधमारी कर तेल चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का गुजरात ATS और राजस्थान पुलिस ने पर्दाफाश किया है। कार्रवाई में गिरोह से जुड़े कुल 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें से 7 आरोपियों को बालोतरा के टापरा गांव के पास स्थित एक ढाबे से पकड़ा गया, जबकि एक आरोपी को गुजरात के कुवाडवा के पास से हिरासत में लिया गया।

कालूड़ी में पाइपलाइन में लगाया अवैध वाल्व

ATS के अनुसार आरोपियों ने पचपदरा तहसील के कालूड़ी गांव के पास बंजर जमीन में करीब 4 फीट गहरा गड्ढा खोदकर एचपीसीएल की क्रूड ऑयल पाइपलाइन को पंचर किया और उसमें अवैध वाल्व लगा दिया। इसके जरिए पाइपलाइन से क्रूड ऑयल निकालकर टैंकरों में भरकर बेचने की योजना बनाई गई थी।

कैसे हुआ पर्दाफाश?

मामले का खुलासा तब हुआ जब गुजरात एटीएस को गिरोह द्वारा चोरी किए गए क्रूड ऑयल को अहमदाबाद-राजकोट हाईवे पर बेचने की सूचना मिली। कार्रवाई के दौरान कुवाडवा के पास सोखड़ा गांव जाने वाले रास्ते से जयसिंह चुडास्मा को हिरासत में लिया गया। उसके कब्जे से क्रूड ऑयल बरामद हुआ। पूछताछ में उसने यह क्रूड ऑयल बालोतरा जिले के कालूड़ी गांव से लाने की बात बताई।

इसके बाद गुजरात एटीएस ने राजस्थान पुलिस की मदद से टापरा गांव के पास एक ढाबे पर दबिश देकर गिरोह से जुड़े अन्य सात आरोपियों को गिरफ्तार किया।

पाइपलाइन में सेंधमारी कर तेल निकालने की तैयारी में 8 आरोपी गिरफ्तार।

Image Source : REPORTER INPUTपाइपलाइन में सेंधमारी कर तेल निकालने की तैयारी में 8 आरोपी गिरफ्तार।

एक हफ्ते में 2 टैंकर क्रूड ऑयल चोरी करने का खुलासा

पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उन्होंने करीब एक सप्ताह के दौरान 10-10 टन क्षमता वाले दो टैंकर क्रूड ऑयल चोरी कर राजस्थान के ब्यावर निवासी गोविंद सिंह चौहान को बेचने की बात कबूली है। मामले में आरोपियों के खिलाफ जसोल थाने में प्रकरण दर्ज किया गया है।

6 महीने से कर रहे थे पाइपलाइन की रेकी

जांच में यह भी सामने आया कि गिरोह के सदस्य करीब 6 महीने से HPCL की पाइपलाइन की रेकी कर रहे थे। मुख्य आरोपी घनश्याम सोनी पाइपलाइन की लोकेशन और गतिविधियों की जानकारी जुटाने के लिए जालोर जिले के जसवंतपुरा निवासी और वर्तमान में अहमदाबाद में रह रहे मुकेश मेघवाल के संपर्क में था।

बताया जा रहा है कि रेकी के बाद गिरोह के कुछ सदस्य करीब एक महीने से टापरा गांव के पास स्थित ढाबे पर ठहरे हुए थे। यहीं से पाइपलाइन में सेंधमारी और क्रूड ऑयल चोरी की साजिश को अंजाम दिया गया।

आरोपी गिरफ्तार।

Image Source : REPORTER INPUTआरोपी गिरफ्तार।

ये 8 आरोपी गिरफ्तार

गिरफ्तार आरोपियों में गुजरात के महेसाणा जिले के नागलपुर निवासी घनश्याम सोनी, चालासण निवासी रमेश ठाकोर और महेश ठाकोर, जोटाणा निवासी सुरेजी ठाकोर, राजकोट जिले के धोराजी निवासी जयसिंह चुडास्मा, राजस्थान के जालोर जिले के जसवंतपुरा के मूल निवासी एवं वर्तमान में अहमदाबाद निवासी मुकेश कुमार मेघवाल, गांधीनगर जिले के कलोल निवासी रणजीत चोरसिया तथा उत्तर प्रदेश के इटावा जिले के आसपुर निवासी दिलीप यादव शामिल हैं।

पाइपलाइन में वाल्व मिलने के बाद दर्ज हुआ मामला

घटना 9 अगस्त की बताई जा रही है, जबकि इसका पता 10 अगस्त की रात चला। सूचना के बाद एचपीसीएल अधिकारियों ने राजस्थान पुलिस को जानकारी दी। जांच के दौरान कालूड़ी के पास क्रूड ऑयल पाइपलाइन में अवैध रूप से लगाया गया वाल्व बरामद हुआ।

रिफाइनरी के सिक्योरिटी सुपरवाइजर श्रवण कुमार जाट की शिकायत पर जसोल थाने में आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस और एटीएस अब गिरोह से जुड़े अन्य लोगों, चोरी किए गए क्रूड ऑयल की बिक्री और पाइपलाइन में सेंधमारी के लिए इस्तेमाल किए गए संसाधनों को लेकर आगे पूछताछ कर रही है।

बता दें कि एक महीने पहले टोंक पुलिस ने IOCLकी क्रूड ऑयल चोरी करनेवाले गैंग का पर्दाफाश किया था। यह अंतरराज्यीय नेटवर्क टोंक से मेरठ तक फैला था।

(रिपोर्ट- कन्हैयालाल डलोरा)

यह भी पढ़ें-

दिल्ली में IOCL पाइपलाइन से करते थे तेल चोरी, पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार





Source link

admin_97d7b6
Author: admin_97d7b6

Leave a Comment

और पढ़ें