15 अगस्त की तैयारियां अपने चरम पर हैं। दुकाने तिरंगा झंडे, कपड़ों, पतंगों और टोपियों से सजी हुई हैं। स्कूलों में खास कार्यक्रमों का आयोजन होगा, जिसे लेकर बच्चे और बड़े सभी उत्साहित रहते हैं। अगर आपके घर में बच्चे हैं तो त्याहारों और खास दिनों का मजा दोगुना हो जाता है। बच्चे खाने में भी तिरंगा जैसी डिश खाना पसंद करते हैं। ऐसे में आप आजादी का जश्न मनाने के लिए तिरंगा बर्फी बनाकर बच्चों को खिला सकते हैं। तिरंग बर्फी आसानी से बन जाती है। इसका स्वाद बच्चों और बड़ों सभी को खूब पसंद आता है। तो चलिए फटाफट नोट कर लीजिए नारियल के बुरादे से तिरंगा बर्फी बनाने की आसान रेसिपी।
तिरंगा बर्फी रेसिपी
तिरंगा बर्फी के लिए सामग्री- आपको इसके लिए 2 कप सूखा नारियल का बुरादा लेना होगा। इसमें 1 कप कंडेंस्ड मिल्क, 1 छोटा चम्मच घी, इलायची पाउडर डालें। अब केसर और हरे रंग का फूड कलर इस्तेमाल करें।
पहला स्टेप- बर्फी को बनाने के लिए सबसे पहले पैन में घी गर्म करें। इसमें नारियल का बुरादा डालें। आप बाजार से नारियल का बुरादा खरीद लें। ये रंग में एकदम सफेद होता है। अगर घर रखे नारियल का इस्तेमाल कर रहे हैं तो उसे पहले छील लें और कद्दूकस कर लें।
दूसरा स्टेप- अब नारियल के बुरादे में कंडेंस्ड मिल्क डालें और धीमी आंच पर दोनों चीजों को गाढ़ा होने तक पकाएं। वैसे तो कंडेंस्ड मिल्क मीठा होता है। लेकिन अगर आपको बहुत ज्यादा मिठास पसंद है तो इसमें थोड़ी पिसी हुई चीनी मिला सकते हैं।
तीसरा स्टेप- अब इलायची पाउडर मिलाएं और तैयार नारियल के मिश्रण को तीन बराबर भागों में बांट लें। अब एक हिस्सा सफेद रखें और बाकी दो हिस्सों में एक में हरा रंग और एक में केसरिया रंग मिला दें। अब एक ट्रे लें और उसे पहले हल्का ग्रीस कर लें। आप चाहें तो ट्रे में बटर पेपर बिछाकर उसे थोड़ा चिकना कर दें।
चौथा स्टेप- अब ट्रे में पहले सबसे पहले हरी परत को सेट करें। इसके ऊपर सफेद परत रखें। अब ऊपर से केसरिया परत को सेट करके जमा दें। अब मिठाई को ठंडा होने दें और फिर चाकू की मदद से अपनी पसंद की शेप में काट लें। तैयार है झटपट बनने वाली तिरंगा बर्फी, जो बच्चो को खूब पसंद आएगी।









