गॉल इंटरनेशनल स्टेडियम में भारत और श्रीलंका के बीच 15 अगस्त से दो मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला खेला जा रहा है, जिसका पहला दिन पूरी तरह से टीम इंडिया के नाम रहा। भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीतने के बाद पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लेने में बिल्कुल भी देरी नहीं लगाई और दिन का खेल खत्म होने पर टीम इंडिया ने 2 विकेट के नुकसान पर 288 रन बना लिए थे। भारतीय टीम के पहले दिन के खेल में देवदत्त पडिक्कल जहां 131 रन बनाकर नाबाद रहे तो वहीं केएल राहुल के बल्ले से 77 रनों की पारी देखने को मिली जो दूसरे सेशन का खेल खत्म होने के बाद खिंचाव की समस्या के चलते रिटायर्ड हर्ट हो गए थे। राहुल की फिटनेस की समस्या के चलते टीम इंडिया की भी टेंशन बढ़ गई जिसके बाद अब दिन का खेल खत्म होने पर बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक ने बड़ा अपडेट दिया है जिसमें यह भी साफ हो गया है कि राहुल मुकाबले में आगे बल्लेबाजी करेंगे या नहीं।
राहुल दिन के अंत तक ठीक हो गए थे
केएल राहुल की फिटनेस को लेकर भारतीय टीम के बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक ने गॉल टेस्ट मैच के पहले दिन का खेल खत्म होने के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि केएल ने बहुत अच्छी बल्लेबाजी की और मुझे लगता है कि उसे सिर्फ मासंपेशियों में खिंचाव हो रहा था। दिन के अंत तक राहुल ठीक हो गए थे। जब आपको खिंचाव होने लगता है तो यह हैमस्ट्रिंग, ग्रोइन या हाथ में भी खिंचाव हो सकता है। लेकिन इस समय वह बिल्कुल ठीक दिख रहा है। इसलिए उम्मीद है कि वह कल खेलने के लिए पूरी तरह तैयार होगा। ऐसे में हमें उम्मीद है कि वह दुबारा मैदान पर बल्लेबाजी करते हुए दिखाई देंगे।
वह टीम के लिए बहुत उपयोगी खिलाड़ी हैं
भारतीय टीम के बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक ने केएल राहुल की तारीफ करते हुए कहा कि वह लिमिटेड ओवर्स फॉर्मेट में मिडिल ऑर्डर में खेलते हैं जबकि टेस्ट में ओपनिंग में जिम्मेदारी संभालते हैं। जब आप एक अनुभवी बल्लेबाज होते हैं और किसी भी नंबर पर बल्लेबाजी करने तथा टीम की मदद करने के लिए तैयार रहते हैं, तो यह एक शानदार खिलाड़ी होने का सबूत है। जिस तरह वह अभी बल्लेबाजी कर रहे हैं, वह काफी जिम्मेदारी ले रहे हैं, साझेदारियां बनाने की कोशिश कर रहे हैं और यह बहुत अच्छी बात है। बता दें कि राहुल जब रिटायर्ड हर्ट होकर वापस पवेलियन लौटे तो उस समय तक उन्होंने देवदत्त पडिक्कल के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए 150 रनों की साझेदारी कर ली थी।
ये भी पढ़ें









