देहरादून: देहरादून के वसंत विहार इलाके में दिनदहाड़े बुजुर्ग महिला से चेन स्नैचिंग की वारदात सामने आई है। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें बदमाश महिला के गले से चेन झपटकर फरार होता नजर आ रहा है।
चेन झपटने के दौरान महिला सड़क पर गिर गई और चोट लगने के बाद कुछ देर तक उठ भी नहीं पाई। खास बात यह है कि वसंत विहार क्षेत्र में 24 घंटे के भीतर चेन स्नैचिंग की यह दूसरी वारदात बताई जा रही है, जिससे इलाके में हड़कंप मचा हुआ है। सूचना के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाश की तलाश की जा रही है।
सीसीटीवी में दिखी पूरी वारदात
महिला के साथ चेन स्नैचिंग की ये वारदात सीसीटीवी में कैद हो गई। सीसीटीवी में देखा जा सकता है कि काले कलर की टीशर्ट पहने युवक पहले महिला से स्कूटर रोककर बात करता है और कुछ पूछता है। इसके बाद महिला, बदमाश की बातों में आकर उसे कुछ बताने लगती है। इसके बाद मौका पाकर बदमाश अचानक महिला के गले की तरफ झपटता है और चेन खींचकर स्कूटर भगा ले जाता है।
अचानक हुए इस हमले से महिला संभल नहीं पाती है और बुरी तरह गिर जाती है। इसके बाद महिला कई बार जमीन से उठने की कोशिश करती है लेकिन वह उठ नहीं पाती और फिर जमीन पर ही लेट जाती है। उम्र अधिक होने के कारण महिला को काफी चोट आई है और वह इस हमले की वजह से सदमे में हैं।
बताया जा रहा है कि वसंत विहार क्षेत्र में 24 घंटे के भीतर चेन स्नैचिंग की ये दूसरी घटना है। इस मामले के सामने आने के बाद पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल खड़े होने लगे हैं। एक ही इलाके में 24 घंटे के अंदर 2 घटनाएं हो जाएं और पुलिस के हाथ खाली रहें, ये पुलिस के लिए भी शर्मिंन्दा करने वाली बात है।
इलाके के लोगों में इन दो घटनाओं के बाद डर का माहौल है और लोग अकेले घर से बाहर निकलने में भी कतरा रहे हैं। जब दिनदहाड़े बदमाशों के हौसले इतने बुलंद हों तो रात में तो वह किसी भी तरह की घटना को अंजाम दे सकते हैं।
हालही में बिहार में पटना के पॉश इलाके में दिनदहाड़े चेन स्नैचिंग का वीडियो सामने आया था। (रिपोर्ट- हिमांशु कुशवाहा)
ये भी पढ़ें-
दिल्ली में दिनदहाड़े चेन स्नैचिंग की कोशिश, विरोध करने पर महिला पर चाकू से हमला, देखें Video








