देवदत्त पडिक्कल ने श्रीलंका के खिलाफ खेली जा रही टेस्ट सीरीज के पहले ही मैच में शतक लगाकर कमाल कर दिया। इससे पहले देवदत्त पडिक्कल ने दो ही मैच खेले थे, लेकिन इसमें उनका बल्ला नहीं चला था। इस बार उन्हें जैसे ही मौका मिला, उसका उन्होंने जबरदस्त तरीके से फायदा उठाया। इस बीच देवदत्त के इस शतक से कप्तान शुभमन गिल के दोस्त की टेंशन बढ़ गई होगी। जी हां, हम बात रहे हैं साई सुदर्शन की, जो पहले इस सीरीज के लिए टीम में शामिल किए गए थे, लेकिन फिर चोटिल होने की वजह से बाहर हो गए।
देवदत्त पडिक्कल ने लगाया टेस्ट क्रिकेट में अपना पहला शतक
भारत बनाम श्रीलंका सीरीज के पहले टेस्ट में देवदत्त पडिक्कल को तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी का मौका मिला। उन्होंने 230 बॉल पर 167 रनों की जबरदस्त पारी खेली। इसमें उन्होंने 15 चौके और एक छक्का लगाया। देवदत्त पडिक्कल ने साल 2024 में इंग्लैंड के खिलाफ अपना पहला टेस्ट खेला था। इसके बाद उसी साल उन्हें दूसरा मैच भी खेलने का मौका मिला। उसके बाद अब जाकर उन्हें प्लेइंग इलेवन में शामिल होने का मौका मिला है। देवदत्त भी ये जानते हैं कि पता नहीं फिर कब उनकी बारी आए, इसलिए इस मौके को उन्होंने जबरदस्त तरीके से भुना लिया।
साई सुदर्शन चोट की वजह से हो गए थे टीम से बाहर
इससे पहले जो दो टेस्ट देवदत्त ने खेले थे, उसमें वे केवल 90 ही रन बना पाए थे, जिसमें एक अर्धशतक था। लेकिन अब उन्होंने 150 रनों से ज्यादा की पारी खेलकर अपनी जगह पक्की करने की पूरी कोशिश की है। जब बीसीसीआई ने इस सीरीज के लिए टीम का ऐलान किया था, तब साई सुदर्शन भी टीम में थे, लेकिन बीच में ही वे बाहर हो गए। उनकी जगह सरफराज खान टीम में आए हैं, लेकिन प्लेइंग इलेवन में जगह मिली देवदत्त पडिक्कल को।
साई सुदर्शन को ही मिलता पहले टेस्ट में खेलने का मौका
सभी जानते हैं कि अगर साई सुदर्शन टीम में होते तो शायद देवदत्त प्लेइंग इलेवन का हिस्स नहीं होते और वे सुदर्शन ही तीन नंबर पर खेल रहे होते। लेकिन किस्मत से देवदत्त को मौका मिल गया। साई सुदर्श को इस बीच काफी मौके मिले, लेकिन इसके बाद भी उनके नाम कोई शतक नहीं है। साई ने अब तक सात मैच खेलकर केवल 383 रन बनाए हैं और इसमें तीन अर्धशतक हैं। उनका औसत करीब 31 का है।
कप्तान शुभमन गिल के साथ आईपीएल में एक ही टीम से खेलते हैं सुदर्शन
साई सुदर्शन कप्तान शुभमन गिल के अच्छे दोस्त माने जाते हैं, इसलिए उन्हें मौके मिलते रहे। आपको याद होगा कि जब गिल टीम इंडिया के टेस्ट कप्तान बने, तभी साई सुदर्शन को टीम में एंट्री मिली। दरअसल गिल आईपीएल में गुजरात टाइटंस के कप्तान हैं और इसी टीम के लिए साई भी खेलते हैं। गुजरात टाइटंस के लिए दोनों पारी का आगाज करते हैं। साई के नंबर आईपीएल में तो अच्छे हैं, लेकिन टेस्ट में वे अभी तक अपने आप को साबित नहीं कर पाए हैं। अब ये तो पक्का है कि इस सीरीज के दूसरे मैच में भी देवदत्त ही खेलेंगे, लेकिन जब अगली टेस्ट सीरीज होगी और साई सुदर्शन फिट हो जाएंगे, तब देखना होगा कि कप्तान गिल दोनों में से किसे तरजीह देते हैं।
यह भी पढ़ें
आखिरी तीन बॉल पर चाहिए थे तीन रन, फिर जॉस बटलर की कप्तानी वाली टीम ने किया कमाल
टीम इंडिया का स्कोर 450 के पार, अब क्या होगी तीसरे दिन की रणनीति








