Questions To Ask Your Partner : कहते हैं किसी रिश्ते की डोर कितनी मजबूत होगी, यह इस बात पर निर्भर करता है कि उसमें बातचीत का धागा कितना गहरा है. अक्सर शादी या लंबे रिलेशनशिप के बाद कपल्स के बीच बातचीत सिर्फ “खाना खाया?” या “आज ऑफिस में काम कैसा था?” तक सिमट कर रह जाती है. कई मैरिज काउंसलर्स मानते हैं कि इस तरह की बातचीत रिश्ते को ‘ऑटो-पायलट’ मोड पर डाल देती है, जिससे धीरे-धीरे कपल्स के बीच भावनात्मक दूरी (Emotional Distance) बढ़ने लगती है.
अगर आप भी अपने पार्टनर के साथ उस पुराने स्पार्क को वापस लाना चाहते हैं, तो बातों का तरीका बदलना बेहद जरूरी है. आइए जानते हैं कि इस विषय पर रिलेशनशिप एक्सपर्ट्स का क्या कहना है और आप किन आसान सवालों के जरिए पार्टनर के दिल के और करीब आ सकते हैं.
किसी भी रिश्ते में मजबूती तब आती है जब आप पार्टनर की भावनाओं, उनकी चिंताओं और उनकी खुशियों को गहराई से समझते हैं.(Canva)
क्यों जरूरी है गहराई से बात करना?
जब आप पार्टनर से सिर्फ रोजमर्रा के सवाल पूछते हैं, तो आपको सिर्फ जानकारी (Information) मिलती है, जज्बात (Emotions) नहीं. किसी भी रिश्ते में मजबूती तब आती है जब आप पार्टनर की भावनाओं, उनकी चिंताओं और उनकी खुशियों को गहराई से समझते हैं. इसके लिए ‘क्लोज-एंडेड’ सवालों के बजाय ऐसे सवाल पूछें जो उन्हें अपना दिल खोलने का मौका दें.
पार्टनर के करीब आने के लिए पूछें ये दिल छू लेने वाले सवाल-
1. “आज के दिन की सबसे खास या मजेदार बात क्या रही?”
“दिन कैसा था?” का जवाब अक्सर “ठीक था” या “ओके” में खत्म हो जाता है. लेकिन जब आप किसी खास पल के बारे में पूछते हैं, तो पार्टनर को अपने दिन की किसी अच्छी याद को याद करने का मौका मिलता है. इससे उनका मूड भी बेहतर होता है और आपको उनके नजरिए को समझने में मदद मिलती है.
2. “क्या कोई ऐसी बात है जो तुम्हें परेशान कर रही है और तुम शेयर करना चाहते हो?”
अक्सर लोग अपने पार्टनर को स्ट्रेस से बचाने के लिए अपनी परेशानियां छुपा लेते हैं. मैरिज काउंसलर्स कहते हैं कि यह सवाल पार्टनर को एक ‘सेफ स्पेस’ (Safe Space) महसूस कराता है, जहाँ वे बिना किसी जजमेंट के डर के अपना दिल हल्का कर सकते हैं.
3. “हमारी कौन सी ऐसी पुरानी याद है जिसे सोचकर आज भी तुम्हारे चेहरे पर स्माइल आ जाती है?”
नॉस्टैल्जिया (पुराणी यादें) प्यार के अहसास को ताजा करने का सबसे बेहतरीन तरीका है. यह सवाल आपके पार्टनर को उन शुरुआती हसीन दिनों में ले जाएगा, जब आप एक-दूसरे के प्यार में गिर रहे थे.
4. “इस हफ्ते मैं ऐसा क्या करूं जिससे तुम्हारा काम थोड़ा आसान हो जाए?”
प्यार सिर्फ मीठे शब्दों में नहीं, एक-दूसरे की मदद करने में दिखता है. जब आप यह पूछते हैं, तो यह दिखाता है कि आप सिर्फ उनकी इमोशनल ही नहीं, बल्कि प्रैक्टिकल लाइफ और उनकी थकान की भी परवाह करते हैं.
5. “क्या तुम्हें लगता है कि हाल-फिलहाल में हम दोनों को एक-दूसरे को थोड़ा और वक्त देना चाहिए?”
रिश्ते की जरूरतों पर खुलकर बात करना बेहद जरूरी है. यह सवाल पार्टनर को अपनी बात रखने की आजादी देता है कि क्या वो आपकी कमी महसूस कर रहे हैं या उन्हें आपके साथ किसी ‘क्वालिटी टाइम’ या ‘डेट नाइट’ की जरूरत है.
एक्सपर्ट की स्पेशल टिप-
इन सवालों को कभी भी किसी इंटरव्यू या पूछताछ की तरह एक सांस में न पूछें! रात को सोने से पहले, वॉक करते समय या वीकेंड पर चाय की चुस्कियों के साथ बेहद प्यार से बातें छिड़ें. याद रखिए, सही सवाल और सुनने का धैर्य ही आपके रिश्ते को हमेशा नया और मजबूत बनाए रख सकता है.









