वर्ल्ड कप में इंग्लैंड से हारी भारतीय टीम, सेमीफाइनल की राह हुई मुश्किल, अब IND vs PAK मैच पर टिकी निगाहें

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


हॉकी वर्ल्ड कप 2026 के दूसरे मैच में भारतीय टीम को हार का सामना करना पड़ा है। एक समय भारतीय टीम के हाथ में मुकाबला था और स्कोर 2-1 था। टीम इंडिया ने पहले हाफ में इंग्लैंड पर दबाव भी बना रखा था। लेकिन दूसरे हाफ में कहानी पूरी तरह पलट गई। इंग्लैंड ने लगातार तीन गोल दागकर भारत की वापसी की उम्मीदों पर पानी फेर दिया और FIH हॉकी वर्ल्ड कप 2026 के पूल डी मुकाबले में 4-2 से जीत दर्ज कर ली।

एम्सटेलवीन के वेगेनर हॉकी स्टेडियम में 17 अगस्त खेले गए मुकाबले में भारत ने शानदार शुरुआत के बाद बढ़त हासिल की, लेकिन इंग्लैंड ने आखिरी दो क्वार्टर में अपने मौकों का बेहतर फायदा उठाते हुए बाजी अपने नाम कर ली। इंग्लैंड के लिए निकोलस बैंडुराक ने दो गोल किए, जबकि स्टुअर्ट रशमेयर और हेनरी क्रॉफ्ट ने एक-एक गोल दागा। भारत की ओर से कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदला, जबकि दिलप्रीत सिंह ने शानदार मूव को अंजाम तक पहुंचाया।

पहले हाफ में दिखा भारत का दबदबा

मुकाबले की शुरुआत तेज रफ्तार से हुई। सातवें मिनट में जरमनप्रीत सिंह के पास गोल करने का अच्छा मौका आया, लेकिन उनका शॉट लक्ष्य से बाहर चला गया। इसके बाद 14वें मिनट में इंग्लैंड ने खाता खोला। एक शानदार एरियल पास ने भारतीय डिफेंस को चौंका दिया और बैंडुराक ने मौका भुनाते हुए टीम को 1-0 से आगे कर दिया।

भारत ने दूसरे क्वार्टर की शुरुआत में ही बराबरी कर ली। पेनल्टी कॉर्नर मिलने के बाद हरमनप्रीत ने जोरदार फ्लिक लगाकर गेंद को गोल के ऊपरी बाएं कोने में पहुंचा दिया। इसके कुछ ही मिनट बाद भारत ने बढ़त भी हासिल कर ली। हार्दिक सिंह ने बेसलाइन से गेंद अभिषेक तक पहुंचाई और अभिषेक के पास को दिलप्रीत ने गोल में बदलकर स्कोर 2-1 कर दिया। हाफ टाइम तक भारत आगे था और टीम ने इंग्लैंड के तीन के मुकाबले आठ शॉट गोल पर लगाए थे।

दूसरे हाफ में पलटा मैच

तीसरे क्वार्टर में इंग्लैंड ने जबरदस्त वापसी की। 39वें मिनट में स्टुअर्ट रशमेयर ने रिवर्स स्टिक से गेंद को भारतीय गोलकीपर मोहिथ के पार पहुंचाकर स्कोर 2-2 कर दिया। इसके बाद 43वें मिनट में हेनरी क्रॉफ्ट ने तेज हिट लगाकर इंग्लैंड को 3-2 की बढ़त दिला दी। यह वर्ल्ड कप में उनका पहला गोल था।

भारत ने बराबरी के लिए कई प्रयास किए, लेकिन इंग्लैंड की डिफेंस ने उन्हें सफलता नहीं दी। 55वें मिनट में बैंडुराक ने पेनल्टी कॉर्नर पर शानदार लो फ्लिक के जरिए अपना दूसरा गोल किया और इंग्लैंड की बढ़त 4-2 कर दी। इस हार के साथ भारत के लिए पूल डी की स्थिति बेहद अहम हो गई है। इंग्लैंड दो मैचों में दो जीत के साथ 6 पॉइंट लेकर शीर्ष पर है और अगले चरण में पहुंच चुका है। भारत एक जीत और एक हार के साथ दूसरे स्थान पर है। अब भारत का आखिरी पूल मुकाबला पाकिस्तान के खिलाफ है और सेमीफाइनल की दौड़ में बने रहने के लिए हरमनप्रीत सिंह की टीम को यह मैच हर हाल में जीतना होगा। पाकिस्तान और वेल्स के खाते में दो-दो मैचों के बाद एक-एक पॉइंट है।

यह भी पढ़ें:

फुटबॉल से रिटायरमेंट लेने की तैयारी में क्रिस्टियानो रोनाल्डो? बोले- शायद मेरा आखिरी साल





Source link

Leave a Comment

और पढ़ें