ट्रैफिक पुलिस कॉन्स्टेबल के साथ मारपीट करने वाला JDS नेता गिरफ्तार, बदसलूकी का वीडियो वायरल होने के बाद एक्शन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


कर्नाटक के बेंगलुरु में पुलिस ने जेडीएस नेता को ट्रैफिक पुलिस कॉन्स्टेबल के साथ बदसलूकी के आरोप में गिरफ्तार किया है। शहर के गोट्टिगेरे इलाके में ड्यूटी पर तैनात एक ट्रैफिक पुलिस कॉन्स्टेबल के साथ रविवार को कथित तौर पर मारपीट की गई। यह घटना तब हुई जब जनता दल सेक्युलर के राज्य महासचिव मंजूनाथ (उर्फ गोट्टिगेरे मंजन्ना) ने ट्रैफिक पुलिस द्वारा अपनी गाड़ी रोके जाने पर आपत्ति जताई।

यह घटना शाम करीब 4 बजे हुई, जब हुलिमावु ट्रैफिक पुलिस स्टेशन से जुड़े कॉन्स्टेबल अरुण, स्टेशन से कुछ मीटर दूर गोट्टिगेरे में ट्रैफिक कंट्रोल कर रहे थे। उन्होंने विपरीत दिशा से आ रही गाड़ियों को गुजरने देने के लिए हाथ के इशारे से मंजन्ना की गाड़ी को रोका। बेंगलुरु में ट्रैफिक बड़ी समस्या है। यहां कुछ दिन पहले ही गड्ढे से बचने की कोशिश में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी।

कॉन्स्टेबल को लात मारने की कोशिश की

शिकायत के अनुसार, मंजन्ना ने कॉन्स्टेबल से अपनी गाड़ी रोकने का कारण पूछा। बहस के दौरान, उसने कथित तौर पर कॉन्स्टेबल पर हमला करने की कोशिश की, उसका कॉलर पकड़ा और अपने साथी की मदद से उस पर हमला करने का प्रयास किया। घटना के बाद मंजन्ना ने एक सीनियर पुलिस अफसर को फोन किया और कॉन्स्टेबल द्वारा अपनी गाड़ी रोके जाने की शिकायत की। वायरल हुए एक मोबाइल फोन वीडियो में मंजन्ना को अफसर से बात करते हुए कॉन्स्टेबल को लात मारने की कोशिश करते हुए देखा जा सकता है।

कॉन्स्टेबल से ही माफी मांगने को कहा

घटना के बाद में, एक सीनियर अधिकारी के कहने पर कॉन्स्टेबल ने इस नेता से माफी भी मांगी। हालांकि, सीनियर अधिकारियों के इस कदम को जूनियर पुलिसकर्मियों ने पसंद नहीं किया। मामला तूल पकड़ने लगा, जिसके बाद कॉन्स्टेबल को बुलाकर हुलिमावु पुलिस स्टेशन में इस नेता के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। मामले की जांच चल रही है।

महिला पुलिसकर्मी से मारपीट के चार आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज

बेंगलुरु में ड्यूटी के दौरान 33 वर्षीय महिला उपनिरीक्षक को कथित तौर पर पीटने, उनकी शारीरिक बनावट को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी करने और उन्हें धमकी देने के आरोप में चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, घटना 12 अगस्त की है, जब महिला पुलिसकर्मी के.आर. पुरम यातायात थाने में ड्यूटी पर तैनात थीं। पुलिस ने बताया कि उन्होंने हेमंत रेड्डी नाम के एक व्यक्ति को यातायात से जुड़े मामले को लेकर कांस्टेबल मंजूनाथ से बहस करते देखा। हेमंत ने खुद को वकील बताया था। पुलिस के अनुसार, जब उपनिरीक्षक ने बीच-बचाव किया और हेमंत से पूछताछ की, तो उसने उनसे भी कथित तौर पर बहस शुरू कर दी, उनका हाथ पकड़कर खींचा और उनसे मारपीट की, जिससे उन्हें चोटें आईं।

यह भी पढ़ें-

बेंगलुरु के ट्रैफिक से भगवान बचाए! ऑटो से उतरकर 2 KM पैदल चलकर घर पहुंचा शख्स, शेयर किया Video

बेंगलुरु में घर के बाहर कार पार्क करना पड़ सकता है महंगा! सालाना देने होंगे 25 हजार रुपये, जानिए नए पार्किंग नियम





Source link

Leave a Comment

और पढ़ें