Evolution Of Love : 20 की उम्र का पैशन, 40 का सुकून और 60 का साथ: उम्र के हर पड़ाव पर प्यार में क्‍या आता है बदलाव ?

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


Love And Relationship Phases : प्यार हर उम्र में खूबसूरत होता है, बस उसे महसूस करने का तरीका समय के साथ बदलता रहता है. 20 की उम्र में प्यार जहां दिल की धड़कन बढ़ाने वाला पैशन और एक्साइटमेंट देता है, वहीं 30 और 40 की उम्र तक पहुंचते-पहुंचते रिश्ते में समझ और सुकून की जगह बनती है. फिर 50 और 60 की उम्र में यही प्यार एक-दूसरे का मजबूत साथ, दोस्ती और भरोसा बन जाता है. साइकोलॉजिस्ट के मुताबिक, “रिश्ते में प्यार का रूप बदलना इस बात का संकेत नहीं है कि प्यार कम हो गया है. अक्सर यह इस बात की निशानी होता है कि रिश्ता समय के साथ और गहरा हुआ है.”

40 की उम्र में प्यार का मतलब कई लोगों के लिए एक ऐसा रिश्ता होता है जहां उन्हें खुद को साबित करने की जरूरत नहीं पड़ती.

20 की उम्र में प्यार होता है बेहद एक्साइटिंग
20 की उम्र में प्यार में एक अलग तरह की ताजगी होती है. पार्टनर का मैसेज आते ही चेहरे पर मुस्कान आना, घंटों फोन पर बात करना, साथ घूमने की प्लानिंग करना और छोटी-छोटी चीजों को खास महसूस करना इस उम्र के प्यार की खूबसूरती है.

इस दौर में आकर्षण और एक्साइटमेंट रिश्ते को खास बनाते हैं. कपल एक-दूसरे को जानने के साथ अपने सपनों और भविष्य की कल्पनाएं भी शेयर करते हैं. यही नए रिश्ते की खुशी प्यार को और रोमांचक बनाती है.

30 की उम्र में प्यार में जुड़ती है समझ
30 की उम्र तक जिंदगी में करियर और परिवार जैसी जिम्मेदारियां बढ़ने लगती हैं. ऐसे में प्यार सिर्फ रोमांस तक सीमित नहीं रहता. पार्टनर का आपकी व्यस्त जिंदगी को समझना, आपके सपनों को सपोर्ट करना और मुश्किल दिनों में साथ खड़ा रहना ज्यादा खास लगने लगता है.
यही वह दौर है जब कपल एक-दूसरे की खूबियों के साथ कमियों को भी स्वीकार करना सीखता है. रिश्ता धीरे-धीरे ज्यादा मजबूत और भरोसेमंद बनने लगता है.

40 की उम्र में मिलता है प्यार का सुकून
40 की उम्र में प्यार का मतलब कई लोगों के लिए एक ऐसा रिश्ता होता है जहां उन्हें खुद को साबित करने की जरूरत नहीं पड़ती. पार्टनर के साथ चुपचाप बैठना, दिनभर की बातें शेयर करना या बिना कहे एक-दूसरे का मूड समझ जाना भी प्यार का हिस्सा बन जाता है.

साइकोलॉजिस्ट कहते हैं, “जब रिश्ते में भावनात्मक सुरक्षा बढ़ती है तो व्यक्ति पार्टनर के सामने खुद को ज्यादा सहज महसूस करता है. यही सहजता प्यार को सुकून में बदलती है.” इस उम्र में प्यार का मतलब महंगे गिफ्ट या हर दिन डेट पर जाना नहीं, बल्कि एक-दूसरे के लिए मौजूद रहना भी हो सकता है.

50 की उम्र में प्यार बनता है दोस्ती
50 की उम्र में जब जीवन की कई जिम्मेदारियां धीरे-धीरे कम होने लगती हैं, तब कपल को एक-दूसरे के साथ समय बिताने का ज्यादा मौका मिल सकता है. साथ में घूमना, पुरानी तस्वीरें देखना, पसंदीदा फिल्म देखना या कोई नई हॉबी शुरू करना रिश्ते में नई खुशी ला सकता है. इस उम्र में पार्टनर सिर्फ जीवनसाथी नहीं, बल्कि सबसे अच्छा दोस्त भी महसूस होने लगता है.

60 के बाद साथ ही सबसे बड़ा प्यार
60 की उम्र में रिश्ते की सबसे खूबसूरत चीज होती है साथ. इस उम्र में एक-दूसरे की सेहत का ख्याल रखना, डॉक्टर की अपॉइंटमेंट याद रखना, सुबह साथ टहलना या शाम को चाय के साथ पुरानी बातें करना भी प्यार का खूबसूरत रूप बन जाता है.

साइकोलॉजिस्ट के मुताबिक, “समय के साथ प्यार में जुनून के साथ अपनापन, स्वीकार्यता और साथ की भावना जुड़ती जाती है. यही चीज लंबे रिश्ते को भावनात्मक रूप से मजबूत बनाती है.”

प्यार उम्र के साथ कम नहीं, गहरा होता है..
प्यार को सिर्फ तितलियों वाली फीलिंग या रोमांटिक डेट्स से नहीं मापा जा सकता. 20 की उम्र का प्यार आपको उत्साहित कर सकता है, 40 की उम्र का प्यार आपको सुकून दे सकता है और 60 की उम्र का प्यार आपको यह एहसास दिला सकता है कि जिंदगी के सफर में कोई आपके साथ है.

इसलिए उम्र बढ़ने के साथ रिश्ते में आने वाले बदलावों को प्यार की कमी न समझें. कई बार यही बदलाव रिश्ते को ज्यादा खूबसूरत, मजबूत और गहरा बनाते हैं. प्यार का असली मतलब शायद यही है कि समय बदलता रहे, लेकिन एक-दूसरे के लिए सम्मान, अपनापन और साथ बना रहे.



Source link

Leave a Comment

और पढ़ें