खंडवा में जनसुनवाई में पहुंचा ‘डॉगी’, एडीएम को सौंपा आवेदन, कुत्तों की नसबंदी पर उठाए सवाल

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


मध्यप्रदेश के खंडवा में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई के दौरान उस समय लोगों का ध्यान आकर्षित हो गया, जब नगर निगम नेता प्रतिपक्ष मुल्लू राठौर एक युवक को डॉगी का वेश धारण कराकर कलेक्टर हॉल पहुंचे। उन्होंने कुत्तों की नसबंदी के मुद्दे को लेकर अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा और अनोखे अंदाज में अपना विरोध दर्ज कराया। नेता प्रतिपक्ष का आरोप है, कि नगर निगम में कुत्तों की नसबंदी के नाम पर भ्रष्टाचार किया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों के सामने डॉग बाइट के बढ़ते मामलों से जुड़े आंकड़े भी रखे। उनका कहना था कि अगर कुत्तों की नसबंदी और उनकी संख्या को नियंत्रित करने के लिए लगातार काम किया जा रहा है, तो शहर में कुत्तों के काटने की घटनाएं कम क्यों नहीं हो रही हैं।

जनसुनवाई में उमड़ी भीड़

मल्लू राठौर ने कहा कि कुत्तों के नाम पर होने वाला भ्रष्टाचार बंद होना चाहिए। साथ ही आवारा कुत्तों की समस्या का स्थाई समाधान किया जाना जरूरी है, ताकि शहर के लोगों को आए दिन होने वाली परेशानी और डॉग बाइट की घटनाओं से राहत मिल सके। डॉगी के वेश में युवक को देखकर जनसुनवाई में मौजूद लोग कुछ देर के लिए हैरान रह गए। इसके बाद कई लोगों के चेहरे पर मुस्कान नजर आई और मौके पर लोगों की भीड़ भी जमा हो गई। अधिकारियों के सामने ज्ञापन सौंपते समय यह विरोध प्रदर्शन लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया।

कुत्तों की नसबंदी के नाम पर हो रहा भ्रष्टाचार- मल्लू राठौर

मल्लू राठौर ने कहा- ‘इनके (कुत्तों) नाम पर खंडवा नगर निगम ने भ्रष्टाचार किया है। इनकी नसबंदी के नाम पर ₹40 लाख निकाल लिए गए हैं और इनकी नसबंदी अब तक नहीं हुई। खंडवा नगर निगम कुत्तों के नाम पर भी पैसे खा गई। यह कुत्ते काट भी तो रहे हैं लोगों को। 1325 लोगों को 4 साल में कुत्तों ने काटा। कितनी दुखद घटना है ये। 13225 ये सरकारी आंकड़ा है। ₹40 लाख खर्च हुए हैं। तो आप समझ सकते हो कि नगर निगम की क्या जवाबदारी होगी।’

अनोखे प्रदर्शन की हो रही चर्चा

इस अनोखे प्रदर्शन का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में डॉगी के वेश में युवक के साथ नेता प्रतिपक्ष अधिकारियों के पास जाते हुए नजर आ रहे हैं। सोशल मीडिया पर कई लोग विरोध के इस अलग अंदाज की सराहना कर रहे हैं। हालांकि, इस प्रदर्शन के साथ ही नगर निगम की कार्यशैली और आवारा कुत्तों की समस्या को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं। अब देखना होगा कि अधिकारियों की ओर से इस मामले में क्या कार्रवाई की जाती है और नेता प्रतिपक्ष द्वारा कुत्तों की नसबंदी में 40 लाख के घोटाले संबंधी आरोप पर क्या ठोस कदम उठाए जाते हैं।

(खंडवा से प्रतीक मिश्रा की रिपोर्ट)

ये भी पढ़ेंः मीटर की रीडिंग लेने गए बिजली कर्मचारी को पालतू कुत्तों से कटवाया, जगह-जगह नोंच कर किया लहूलुहान





Source link

Leave a Comment

और पढ़ें