मुंबई: महाराष्ट्र कांग्रेस के प्रभारी और केरल के वरिष्ठ कांग्रेस नेता रमेश चेन्निथला ने तिरंगे के आकार के केक को काटते हुए एक वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट किया। इस वीडियो को लेकर बीजेपी ने कांग्रेस पर जोरदार निशाना साधा है।
दरअसल महाराष्ट्र कांग्रेस के प्रभारी और केरल के वरिष्ठ कांग्रेस नेता रमेश चेन्निथला ने केक को काटते हुए वीडियो अपने एक्स हैंडल पर पोस्ट किया और कहा, “यह गर्व का पल है और ज़िम्मेदारी की याद दिलाने वाला भी। इस स्वतंत्रता दिवस पर, KPCC मुख्यालय में साथियों और सेवा दल के स्वयंसेवकों के साथ तिरंगा फहराया। हम जिस झंडे को सलाम करते हैं, वह हमें हमेशा उस भारत की याद दिलाता रहे जिसे संजोकर रखने की ज़िम्मेदारी हमें सौंपी गई है — एक ऐसा भारत जो आज़ाद, लोकतांत्रिक, न्यायपूर्ण और एकजुट हो। जय हिंद।”
चंद्रशेखर बावनकुले ने साधा निशाना
महाराष्ट्र के कैबिनेट मंत्री और बीजेपी नेता चंद्रशेखर बावनकुले ने कहा कि कांग्रेस और रमेश चेन्निथला को शर्म आनी चाहिए कि तिरंगे का केक बनाकर उसे काटा जा रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या राहुल गांधी और सोनिया गांधी को इस तरह का कृत्य मंजूर है? बावनकुले ने ऐसे मामलों में कड़ी कार्रवाई की मांग की और कहा कि चेन्नीथला को केरल के गृहमंत्री पद से हटा देना चाहिए।
वंदे मातरम् को लेकर भी बावनकुले ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस मुस्लिम तुष्टिकरण की राजनीति के चलते वंदे मातरम् के केवल दो अंतरे गाने की बात कर रही है। उन्होंने कहा कि पहले जब दो अंतरे गाए जाते थे, तब कानून नहीं था, लेकिन अब सदन में कानून पारित हो चुका है। पूरा देश वंदे मातरम् गाना चाहता है, फिर कांग्रेस को आपत्ति क्यों है?
बावनकुले ने आरोप लगाया कि कांग्रेस की नजर सिर्फ मुस्लिम वोट बैंक पर है और इसी तुष्टिकरण की राजनीति के कारण वह वंदे मातरम् का विरोध कर रही है। उन्होंने कहा कि वंदे मातरम् का अपमान करने वालों के खिलाफ मामले दर्ज किए जाने चाहिए।
वहीं, महाराष्ट्र सरकार की ओर से महिलाओं के लिए किए जा रहे फैसलों का जिक्र करते हुए बावनकुले ने कहा कि 28 अगस्त से महाराष्ट्र में धर्म स्वतंत्रता कानून लागू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस कानून से महिलाओं को निश्चित रूप से फायदा होगा।
इससे पहले वंदे मातरम् की जगह लता मंगेशकर का गाना बजा था और सरकारी कार्यक्रम में चूक हुई थी। इसके लिए शिंदे ने माफी मांगी थी।
ये भी पढ़ें-









