बंगाल में भाजपा सरकार के 100 दिन पूरे, आसनसोल में डॉ. सुभाष सरकार ने गिनाईं उपलब्धियां

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


पश्चिम बंगाल में भाजपा सरकार के 100 दिन पूरे होने के अवसर पर आसनसोल के शीतला इलाके स्थित भाजपा कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। इस दौरान बांकुड़ा के पूर्व सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. सुभाष सरकार ने पिछले 100 दिनों में राज्य की भाजपा सरकार द्वारा किए गए कार्यों और उपलब्धियों का लेखा-जोखा पेश किया। 

पेश किया 100 दिनों के कामकाज का ब्यौरा 

डॉ. सुभाष सरकार ने दावा किया कि महज 100 दिनों के भीतर पश्चिम बंगाल की भाजपा सरकार ने कई महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक फैसले लिए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का मुख्य उद्देश्य विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ सीधे जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाना है।

 जनकल्याणकारी योजनाओं पर जोर

उन्होंने अन्नपूर्णा योजना, आयुष्मान भारत योजना और प्रधानमंत्री आवास योजना का विशेष रूप से उल्लेख किया। उनका दावा है कि इन योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू कर आम लोगों को सीधे इसका लाभ पहुंचाने की व्यवस्था की गई है। डॉ. सुभाष सरकार ने कहा कि भाजपा सरकार का विशेष ध्यान राज्य की राजस्व व्यवस्था को मजबूत करने पर भी है। उनके अनुसार, पिछली सरकार के कार्यकाल में राज्य के राजस्व को नुकसान पहुंचा, लेकिन पिछले 100 दिनों में वर्तमान सरकार ने राजस्व बढ़ाने की दिशा में कई कदम उठाए हैं। उन्होंने कहा कि राजस्व में वृद्धि का अंतिम लाभ पश्चिम बंगाल की जनता को ही मिलेगा।

विधानसभा की कार्यवाही का लाइव प्रसारण

उन्होंने राज्य सरकार की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता को भी महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। डॉ. सुभाष सरकार के मुताबिक, अब पश्चिम बंगाल विधानसभा की कार्यवाही का सीधा प्रसारण किया जा रहा है। इससे आम जनता को विधानसभा के भीतर होने वाली चर्चाओं और गतिविधियों की जानकारी सीधे मिल रही है।

डॉ. सुभाष सरकार ने आरोप लगाया कि पहले विधानसभा के अंदर क्या होता था, इसकी पूरी जानकारी आम जनता तक नहीं पहुंचती थी। लेकिन अब कार्यवाही के लाइव प्रसारण के कारण लोग खुद देख और समझ सकते हैं कि विधानसभा में क्या चर्चा हो रही है और जनप्रतिनिधि किन मुद्दों को उठा रहे हैं।

विकास व पारदर्शिता पर जोर

डॉ. सुभाष सरकार ने दावा किया कि भाजपा सरकार ने अपने शुरुआती 100 दिनों में ऐसे कई फैसले लिए हैं, जिन्हें उन्होंने ऐतिहासिक बताया। उन्होंने भरोसा जताया कि आने वाले दिनों में भी राज्य सरकार इसी तरह जनता के हित में फैसले लेती रहेगी और विकास व पारदर्शी प्रशासन को प्राथमिकता देगी। 

विपक्ष के रुख पर नजर

हालांकि, भाजपा सरकार के इन दावों को लेकर विपक्षी दलों की ओर से क्या प्रतिक्रिया सामने आती है, अब इस पर भी राजनीतिक महल में नजर रहेगी।

(रिपोर्ट- बिज्जू मंडल)

ये भी पढ़ेःं ममता बनर्जी को बड़ा झटका, ऋतब्रत बनर्जी बने रहेंगे विपक्ष के नेता, हाईकोर्ट ने दिया आदेश





Source link

Leave a Comment

और पढ़ें