ओडिशा के भद्रक जिले के धामनगर ब्लॉक क्षेत्र में जारी बाढ़ के बीच पांच दिनों से लापता एक युवक को आज बचा लिया गया। युवक की पहचान अर्जुनपुर ग्राम पंचायत के अंतर्गत आने वाले मुक्तानगर गांव निवासी प्रभाकर बेहरा के बेटे सुनंद बेहरा के रूप में हुई है। सामने आई जानकारी के अनुसार, युवक ने बाढ़ के पानी में ताड़ के पेड़ के सहारे अपनी जान बचाई। अब ये मामला सामने आने के बाद इलाके में चर्चा का विषय बन गया है।
युवक ने कैसे बचाई जान?
जानकारी के अनुसार, सुनंद पिछले पांच दिनों से लापता था। बाढ़ के तेज पानी में उसके बह जाने की आशंका जताई जा रही थी। परिवार के लोगों और स्थानीय ग्रामीणों ने उसकी तलाश के लिए कई जगहों पर खोजबीन की, लेकिन पांच दिनों तक उसका कोई पता नहीं चल पाया। बताया जा रहा है कि बाढ़ के पानी में बहने के बाद सुनंद किसी तरह एक ताड़ के पेड़ को पकड़कर अपनी जान बचाने में सफल रहा। हालांकि, इस दौरान वह कई दिनों तक वहीं फंसा रहा।
युवक की हालत गंभीर बताई जा रही
सुनंद की तलाश के लिए ओड्राफ (Odisha Disaster Rapid Action Force) टीम के साथ स्थानीय ग्रामीणों ने भी अभियान चलाया। इसी संयुक्त खोज अभियान के दौरान आज उसे बाजापति पड़िया इलाके में खोज लिया गया। युवक के मिलने के बाद उसे सुरक्षित बाहर निकाला गया और इलाज के लिए बालिपाटना मेडिकल सेंटर ले जाया गया। वहां उसका इलाज चल रहा है। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। आपको बता दें कि ओडिशा के कई जिले बाढ़ से जूझ रहे हैं। राज्य में बाढ़ के कारण 13 लाख लोग प्रभावित बताए जा रहे हैं।
कई इलाकों में बाढ़ का पानी मौजूद
धामनगर क्षेत्र में बाढ़ की स्थिति अभी पूरी तरह सामान्य नहीं हुई है। कई इलाकों में बाढ़ का पानी मौजूद है और नदियों, नालों तथा निचले इलाकों में पानी का बहाव तेज बना हुआ है। तेज धार और लगातार बने हुए जलभराव के कारण प्रभावित इलाकों में लोगों के लिए खतरा अभी भी बना हुआ है। ऐसे में स्थानीय स्तर पर राहत और बचाव कार्य जारी हैं। पांच दिनों तक लापता रहने के बाद सुनंद का सुरक्षित मिलना उसके परिवार और ग्रामीणों के लिए बड़ी राहत की खबर है। फिलहाल उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है और वह बालिपाटना मेडिकल सेंटर में इलाजरत है। (रिपोर्ट: शुभम कुमार)
ये भी पढ़ें- बारिश के बीच अचानक धंस गया नेशनल हाईवे का बड़ा हिस्सा, तीन ट्रक खाई में समा गए; VIDEO देखें









