राष्ट्रीय स्तर का पहलवान अमित श्योराण गिरफ्तार, पहलवानों को अफीम सप्लाई करता था, हत्या जैसे गंभीर मामले भी थे दर्ज

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच और झारखंड पुलिस ने ज्वाइंट ऑपरेशन में राष्ट्रीय स्तर के पहलवान अमित श्योराण को गिरफ्तार किया है। वह झारखंड के धुर्वा (तुपुदाना) थाने के NDPS मामले में वांटेड था। आरोपी को 6 दिसंबर 2023 को अपराधी घोषित किया गया था।

झारखंड पुलिस ने आरोपी को दिल्ली के मधुबन चौक मेट्रो स्टेशन के पास से पकड़ा। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह दिल्ली-हरियाणा के अखाड़ों में पहलवानों को अफीम सप्लाई करता था। आरोपी ने 2013 में कन्याकुमारी में नेशनल कैडेट कुश्ती प्रतियोगिता में तीसरा स्थान हासिल किया था।

अफीम सप्लाई करने के नेटवर्क से जुड़ा

वह बाद में दिल्ली-हरियाणा के पहलवानों को अफीम सप्लाई करने के नेटवर्क से जुड़ा। उस पर झारखंड के राजेश नाग से अफीम लेकर दिल्ली और हरियाणा में सप्लाई करने का आरोप है।

20 अप्रैल 2023 को झारखंड पुलिस ने राजेश नाग को 492 ग्राम अफीम के साथ पकड़ा था। पूछताछ में राजेश नाग ने अमित श्योराण और रंजीत को अफीम का रिसीवर बताया था। इसी आधार पर झारखंड के तुपुदाना थाने में FIR दर्ज की गई थी।

क्राइम ब्रांच की टीम ने तकनीकी निगरानी और ह्यूमन इंटेलिजेंस के जरिए अमित की लोकेशन का पता लगाया था। 18 अगस्त की रात करीब 10 बजे मधुबन चौक मेट्रो स्टेशन के पास ट्रैप लगाकर उसे गिरफ्तार किया गया।

अमित श्योराण के खिलाफ दिल्ली और झारखंड में 6 आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें हत्या, हत्या की साजिश, आर्म्स एक्ट, धोखाधड़ी और NDPS एक्ट के मामले शामिल हैं।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पहले दिल्ली के बार और नाइट क्लबों में बाउंसर का काम करता था। आरोपी के मुताबिक, जल्दी और आसानी से पैसा कमाने के लालच में वह ड्रग सप्लाई नेटवर्क से जुड़ा।

इससे पहले दिल्ली पुलिस का डबल एक्शन सामने आया था और मुठभेड़ के बाद रंगदारीबाज पवन पहलवान गिरफ्तार हुआ था। पवन पहलवान दिल्ली के पहाड़गंज और नबी करीम इलाकों में हुई गोलीबारी और रंगदारी के मामलों का मुख्य आरोपी था। पवन पहलवान स्थानीय व्यापारियों में डर पैदा करने के लिए फायरिंग भी करता था और उसके डर से लोग उसे पैसा दिया करते थे। उसका लंबा आपराधिक रिकॉर्ड है।

ये भी पढ़ें-

दिल्ली: पहलवान सुशील कुमार को नियमित जमानत मिली, सागर धनखड़ हत्याकांड मामले में काट रहा है सजा

 





Source link

Leave a Comment

और पढ़ें