कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु के एयरपोर्ट पर जवानों ने दो यात्रियों को पकड़ा है। जानकारी के अनुसार, इन यात्रियों के पास से करीब 260 ग्राम गोल्ड मेटल पाउडर जब्त किया गया है जिसे इन दोनों ने छिपाकर रखा था। दोनों यात्रियों को अधिकारियों ने फ्लाइट से उतार दिया और आगे की कार्रवाई के लिए पुलिस को सौंप दिया है। यात्रियों ने गोल्ड मेटल पाउडर को बड़ी ही चालाकी के साथ छुपा रखा था लेकिन इन्हें फिर भी पकड़ा लिया गया है।
कैसे पकड़े गए आरोपी?
सामने आई जानकारी के अनुसार, गुरुवार 20 अगस्त की सुबह करीब साढ़े 11 बजे, CISF के जवानों ने टर्मिनल-1 के D-जोन में SHA-04 पर दो यात्रियों को रोका। शक था कि उन्होंने अपनी सिली हुई पैंट में कमर के पास सोने जैसा मेटल पाउडर छिपा रखा है। पूछताछ करने पर पता चला कि ये दोनों यात्री- लक्ष्मण देवडिगा (पासपोर्ट नंबर C5052937, सीट नंबर 32B) और राघवेंद्र देवडिगा (पासपोर्ट नंबर U6795715, सीट नंबर 32A)- भारतीय नागरिक हैं। वे बैंकॉक से इंडिगो की फ्लाइट नंबर 6E-1214 से टर्मिनल-2 पहुंचे थे (शेड्यूल के अनुसार आगमन समय 10:15 बजे) और उन्हें टर्मिनल-1 से इंडिगो की फ्लाइट नंबर 6E-6595 से अहमदाबाद जाना था (शेड्यूल के अनुसार प्रस्थान समय 13:55 बजे)।
कहां छुपा रखा था मेटल पाउडर?
दोनों यात्रियों की तलाशी SI/Exe दीपक कुमार मिश्रा ने ली। ‘वैल्यूएबल रूम’ में बारीकी से जांच करने पर, उनकी पैंट में कमर के पास वाले हिस्से से दो पैकेट मिले जिनमें सोने जैसा मेटल पाउडर था। बरामद सामान का कुल वज़न लगभग 260 ग्राम था। शिफ्ट GO IC के निर्देश पर, दोनों यात्रियों को फ्लाइट से उतार दिया गया और बाद में आगे की जरूरी कानूनी कार्रवाई के लिए CISF ने उन्हें केंपेगौड़ा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (KIA) पुलिस को सौंप दिया।
दिल्ली एयरपोर्ट पर मिली थी बंदर की खोपड़ी
आपको बता दें कि इससे पहले हाल ही में दिल्ली के IGI एयरपोर्ट पर यात्री के हैंड बैग से बंदर की खोपड़ी निकली थी। इस घटना के सामने आने के बाद एयरपोर्ट परिसर में हड़कंप मच गया। एयरपोर्ट पर CISF जवानों ने प्री-एम्बार्केशन सिक्योरिटी चेक के दौरान यात्री के बैग से बंदर की खोपड़ी बरामद की थी। जानकारी के अनुसार, यात्री दिल्ली से हैदराबाद की फ्लाइट से यात्रा करने वाला था। CISF ने आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए यात्री और बंदर की खोपड़ी को स्थानीय पुलिस के हवाले कर दिया था।
ये भी पढ़ें- प्राइवेट पार्ट्स में छिपाया 5 करोड़ का सोना, बेंगलुरु एयरपोर्ट पर गोल्ड तस्करी का भंडाफोड़, 5 गिरफ्तार








