महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में ग्राहक बनकर आईं चार बुर्काधारी महिलाओं ने डेढ़ किलो सोना चुरा लिया। इस चोरी में दो पुरुष भी शामिल हैं। घटना शहर के शहागंज इलाके में स्थित विश्वास ज्वेलर्स में हुई। यहां ग्राहक बनकर आए एक गिरोह द्वारा करीब डेढ़ किलो सोना चोरी किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के मुताबिक, दो पुरुष और चार बुर्काधारी महिलाएं ग्राहक बनकर अलग-अलग समय पर ज्वेलरी शोरूम में पहुंचीं। आरोप है कि गिरोह के सदस्यों ने पहले शोरूम की रेकी की और फिर मौका देखकर करीब डेढ़ किलो सोने से भरा डिब्बा लेकर फरार हो गए। इसे बुर्का स्टाइल की चोरी माना जा रहा है। पुलिस जांच में जुटी है, लेकिन अब तक आरोपियों को लेकर कोई जानकारी हाथ नहीं लगी है।
एक-एक कर शो रूम में घुसे आरोपी
गिरोह के सदस्य एक के बाद एक ग्राहक बनकर शोरूम में पहुंचे, जिससे किसी को उन पर शक नहीं हुआ। पूरी घटना शोरूम में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद होने की संभावना है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस उपायुक्त सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की टीम घटनास्थल पर जांच कर रही है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान और उनकी तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस गिरोह के सदस्यों के आने-जाने के रास्ते और संभावित ठिकानों की भी जांच कर रही है। मामले में आगे की जानकारी पुलिस जांच के बाद सामने आएगी।
कैसे की चोरी?
इस घटना में कुल छह आरोपी शामिल हैं। इनमें चार महिलाएं और दो पुरुष हैं। सभी एक-एक कर शो रूम के अंदर घुसे। इसके बाद महिलाओं ने गहने देखने के बहाने सेल्समैन का ध्यान भटकाया। मौका मिलते ही एक व्यक्ति ने काउंटर के नीचे से हाथ निकालकर 1.5 किलो सोने से भरा डिब्बा बाहर निकाल लिया। इसके बाद आरोपियों ने सोने के डिब्बे को छिपाया और साथ लेकर बाहर निकल गए। बाद में जब शो रूम के कर्मचारियों को चोरी का एहसास हुआ तो मामले की शिकायत पुलिस में की गई। पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है, लेकिन खबर लिखे जाने तक आरोपियों का कोई सुराग नहीं मिला है।
यह भी पढ़ें-
5 हजार का लालच देकर 100 करोड़ का खेल! मुंबई पुलिस ने म्यूल अकाउंट नेटवर्क का किया पर्दाफाश
खाद्य तेल में मिलावट पर FDA सख्त, खुले में बेचा तो खैर नहीं; नियम तोड़ा तो हो सकती है उम्रकैद







