पाकिस्तान की टीम अभी तीन टेस्ट मैचों की सीरीज खेलने के लिए इंग्लैंड के दौरे पर है, जिसका पहला मुकाबला हेडिंग्ले के मैदान पर खेला गया और उसे मेजबान इंग्लैंड ने तीन दिनों के अंदर ही खत्म करने के साथ एक पारी और 103 रनों से अपने नाम कर लिया है। पाकिस्तान टीम इस मुकाबले में बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में काफी संघर्ष करते हुए दिखाई दी जिसमें पहली पारी में जहां वह 171 रन बनाने में कामयाब हो सके थे तो वहीं दूसरी पारी में 135 रन बनाकर सिमट गए। पाकिस्तानी टीम को इस शर्मनाक हार से वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2026-27 के संस्करण में भी भारी नुकसान का सामना करना पड़ा है जिसमें वह एकबार फिर से अंतिम पायदान पर पहुंच गए हैं।
पाकिस्तान की हार से वेस्टइंडीज को हुआ फायदा, इंग्लैंड की पोजीशन में कोई बदलाव नहीं
वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2026-27 की पॉइंट्स टेबल को लेकर हेडिंग्ले टेस्ट मैच के बाद हुए बदलाव को लेकर बात की जाए तो उसमें पाकिस्तानी टीम की हार से वेस्टइंडीज को फायदा हुआ है तो वहीं इंग्लैंड की पोजीशन में कोई बदलाव नहीं हुआ लेकिन उनके अंकों का प्रतिशत जरूर थोड़ा सुधर गया है। पाकिस्तान क्रिकेट टीम अब WTC 2026-27 की पॉइंट्स टेबल में अंतिम पायदान यानी 9वें नंबर पर है जिसमें उनके अंकों का प्रतिशत 19.05 है। वहीं वेस्टइंडीज की टीम अब 8वें पायदान पर पहुंच गई है और उनके अंकों का प्रतिशत 20.83 है। इंग्लैंड की टीम को लेकर बात की जाए तो वह पहले भी 7वें पायदान पर थे लेकिन अब उनके अंकों का प्रतिशत 29.76 हो गया है।
भारतीय टीम 5वें नंबर पर, टॉप पर ऑस्ट्रेलिया का कब्जा
WTC 2026-27 की पॉइंट्स टेबल में बाकी टीमों की स्थिति को लेकर बात की जाए तो उसमें भारतीय टीम अभी 53.33 अंक प्रतिशत के साथ पांचवीं पोजीशन पर काबिज है, जबकि श्रीलंका की टीम 33.33 अंक प्रतिशत के साथ छठे नंबर पर है। पॉइंट्स टेबल में पहली पोजीशन पर ऑस्ट्रेलियाई टीम का कब्जा बरकरार है जिसमें उसके कुल 77.78 अंक प्रतिशत हैं। वहीं दूसरी पोजीशन पर साउथ अफ्रीका की टीम 75 अंक प्रतिशत के साथ है। न्यूजीलैंड 72.22 अंक प्रतिशत के साथ तीसरे नंबर पर जबकि बांग्लादेश की टीम 66.67 अंक प्रतिशत के साथ अभी चौथे नंबर पर है।
ये भी पढ़ें
जो रूट ने अब बल्ले से नहीं फील्डिंग में दिखाया कमाल, स्मिथ को पीछे छोड़ हासिल की अब नंबर-1 की कुर्सी






