महाराष्ट्र के लातूर शहर में दिनदहाड़े कोयते से जानलेवा हमला किए जाने की सनसनीखेज घटना सामने आई है। शहर के साई नाका इलाके में रोहन वाइन्स एंड बीयर शॉपी के पास एक युवक पर अचानक कोयते से हमला कर दिया गया। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से इलाके में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। जानकारी के मुताबिक, युवक साई नाका परिसर में मौजूद था। इसी दौरान हमलावर वहां पहुंचे और युवक पर कोयते से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
देखें वीडियो
सीसीटीवी से हमलावरों की पहचान
सबसे अहम बात यह है कि इस पूरी वारदात के CCTV फुटेज सामने आने की बात कही जा रही है। CCTV फुटेज के आधार पर पुलिस हमलावरों की पहचान करने में जुटी हुई है। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों में भी दहशत का माहौल देखने को मिला। घटना की सूचना मिलते ही विवेकानंद चौक पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल युवक को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार जारी है। फिलहाल घायल युवक की हालत स्थिर बताई जा रही है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। साथ ही फरार हमलावरों की तलाश में पुलिस की टीमें जुटी हुई हैं।
हमले का कारण स्पष्ट नहीं
हालांकि, युवक पर हमला किस वजह से किया गया, इसका कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुराना विवाद, आपसी रंजिश या किसी अन्य वजह से यह हमला हुआ है या नहीं, इसकी जांच पुलिस कर रही है। दिनदहाड़े और सार्वजनिक इलाके में कोयते से हुए इस हमले ने लातूर शहर की कानून-व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। अब पुलिस के सामने फरार आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने की चुनौती है।
फिलहाल विवेकानंद चौक पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और CCTV फुटेज के आधार पर हमलावरों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है। पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही हमले की असली वजह और आरोपियों के बारे में पूरी जानकारी सामने आएगी।
(लातूर से आसिफ पटेल की रिपोर्ट)
ये भी पढ़ें:
10th के दो छात्रों ने लेडी प्रिंसिपल को चाकू से गोद डाला, iPhone और आखिरी कॉल ‘बाबू’ ने खोला राज









