यूक्रेन के क्रिवी रिह शहर में रूस ने शॉपिंग मॉल पर बड़ा हमला किया है और इसमें 14 यूक्रेनी लोगों की मौत की खबर है। अधिकारियों ने बताया कि शुक्रवार को सेंट्रल यूक्रेन के क्रिवी रिह शहर में एक शॉपिंग सेंटर पर रूसी ड्रोन से अटैक हुआ, जिसमें 14 लोगों की जान चली गई और कई अन्य घायल हो गए।
बता दें क्रिवी रिह शहर, यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की का गृहनगर है। इस हमले को ‘डबल-टैप स्ट्राइक’ बताया जा रहा है, जिसमें ड्रोन का पहला जत्था पहले आया और उसके बाद बचाव कर्मियों के रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू करने पर ड्रोन्स का दूसरा जत्था भी आ गया।
वोलोडिमिर जेलेंस्की ने सोशल मीडिया पर लिखा, ‘इस तरह के हमले आतंकवादी कृत्यों से कम नहीं हैं। रूस ने Kryvyi Rih में एक शॉपिंग सेंटर पर बेहद बेरहम हमला किया। हमलावर ड्रोन ने दो बार में हमला किया, पहले हमले और आग लगने के आधे घंटे बाद, दूसरा हमला इमरजेंसी सर्विस वालों को निशाना बनाकर किया गया। मारे गए लोगों के परिवारों और उनके करीबियों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं। सभी घायलों का जरूरी इलाज किया जा रहा है। इस तरह के हमले किसी भी तरह से आतंकवादी हमलों से कम नहीं हैं। और दुनिया को इनका उसी तरह जवाब देना चाहिए। शांति के लिए जरूरी है कि रूस को अपनी हरकतों के लिए जवाबदेह ठहराया जाए।’
स्थानीय प्रशासन के प्रमुख ओलेक्सांद्र विल्कुल ने बताया कि मरने वालों की संख्या 14 तक पहुंच गई हैं। इसमें 121 लोग घायल हुए हैं, जिनमें 22 बच्चे भी शामिल हैं। उन्होंने बताया कि रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।
ये खबर अभी अपडेट हो रही है।









