रायबरेली: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को रायबरेली में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने राहुल गांधी के बयानों पर सवाल उठाते हुए कहा कि भारत की परंपरा, विरासत और मूल्यों को कोसना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने संविधान की शपथ ली है और नेता प्रतिपक्ष के तौर पर उनसे लोकतंत्र के प्रति जवाबदेही की अपेक्षा की जाती है।
सीएम योगी ने कहा कि जो समाज अपने पूर्वजों को विस्मृत करता है,उसका कोई भविष्य नहीं होता, दुर्भाग्य से भारत की परंपरा और मूल्यों को विस्मृत करके भ्रम में डालकर एक ठेका ले लिया है,भारत के खिलाफ षडयंत्र करने का। मैं पिछले दिनों इस रायबरेली के सांसद राहुल गांधी के बयान को पढ़ रहा था,महाराष्ट्र में उन्होंने बयान दिया कि महिलाएं मनुस्मृति के बंधन को तोड़कर बाहर आ जाएं।
लोकतंत्र के प्रति जवाबदेह बनाता है नेता प्रतिपक्ष का पद
सीएम योगी ने कहा – राहुल जी आपसे देश बहुत कछ अपेक्षा नहीं करता है। लेकिन भारत की संसद में भारत की सर्वोच्च पंचायत में नेता प्रतिपक्ष के रूप में आपको देश के लोकतंत्र के प्रति जवाबदेह बनाता है। आपने भारत के संविधान की शपथ ली थी। और संविधान की शपथ लेकर के आप भारत की परंपरा को, भारत की विरासत को कोसना अपना जन्मसिद्ध अधिकार समझते हैं। आप यूपी के बाहर जाते हैं तो यूपी को लांछित और अपमानित करते हैं। भारत के बाहर जाते हैं तो भारत का अपमान करते हैं। भारत की सेना जब सीमाओं पर दुश्मनों के खिलाफ लड़ती है तो आप भारत की सेना के जवानों से प्रमाण मांगते हैं। आतंकवाद के खिलाफ देश की लड़ाई में देशद्रोही तत्वों को आप प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से प्रोत्साहित करते हैं। अयोध्या में प्रभु श्री राम के अस्तित्व पर आपकी पार्टी प्रश्न खड़ा करती है। और लोकतंत्र के प्रति आपकी निष्ठा क्या है?’
पीएम को नहीं, देश की संस्था को अपमानित करते हैं-योगी
सीएम योगी ने कहा कि जब आप भारत की संस्थाओं को अपमानित करते हैं, जब आप भारत की प्रधानमंत्री के बारे में अपमानजनक टिप्पणी करते हैं, तब एक व्यक्ति के बारे में नहीं, भारत की एक संस्था को अपमानित करते हैं। प्रधानमंत्री व्यक्ति नहीं होता है। प्रधानमंत्री भारत की एक संस्था है। और याद रखना अगर भारत की ये संस्थाएं खड़ी होंगी। तो भारत का हर नागरिक कटघरे में खड़ा होगा। आप जब भारत के प्रधानमंत्री जी के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी करते हैं, अभद्र भाषा का प्रयोग करते हैं। तो यह अभद्र भाषा सचमुच आप भारत को अपमानित करते हैं, भारत की विरासत को अपमानित करते हैं। भारत की वर्तमान पीढ़ी के सामने पहचान का संकट खड़ा करती है क्योंकि यह संदेह की दायरे में खड़ा होता है। और आपको इस प्रकार की गैर जिम्मेदाराना हरकतों से अपने आप को बचना पड़ेगा। बहनों और भाइयों, आखिर क्या कारण था? यह देश 1947 में आजाद हुआ।
सीएम योगी ने अजय राय पर भी साधा निशाना
सीएम योगी ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कल कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष का आपने आचरण देखा होगा। हनुमानगढ़ी में दर्शन करने जाते हैं और बाहर जाकर के मछली का दावत उड़ाते हैं। ये राम राम चिल्लाते हैं। बेशर्मी की भी एक सीमा होती है। किसने कहा था फिर मंदिर जाने के लिए? अरे जो खाना था बाहर खा लेते अयोध्या के बाहर खा लेते। ये है इनका दोहरा आचरण।
सीएम योगी ने आगे कहा कि इन लोगों के सामने तो गिरगिट भी शरमा जाता । वो भी शरमा जाता होगा कि मनुष्य के रूप में हमारी कौन सी ऐसी प्रजाति हो गई है। जो वहां मंदिर में राम-राम चिल्ला रहे हैं। बजरंगबली के सामने दंडवत होने का ढोंग कर रहे हैं। लेकिन बाहर जाकर के मछली की दावत उड़ा रहे हैं। इस तरह का इनका पुराना इतिहास है। प्रदेश अध्यक्ष कांग्रेस के भाई की हत्या की थी एक माफिया ने। और यह व्यक्ति उस माफिया के खिलाफ बयान देने के लिए नहीं गया। बल्कि उसके सामने उसके घुटने टेक कर के नतमस्तक हो गया। अपने भाई के हत्यारे दुर्दांत माफिया के सामने यह व्यक्ति घुटना टेक चुका था। दरअसल सीएम योगी अजय राय के भाई का जिक्र कर रहे थे जिनकी हत्या में मुख्तार अंसारी का नाम आया था।
इससे पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को समाजवादी पार्टी और उसके प्रमुख अखिलेश यादव पर जमकर निशाना साधा था। उन्होंने दावा किया कि राज्य की जनता अगले विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी को हमेशा के लिए ‘साफ’ कर देगी। सीएम योगी ने समाजवादी पार्टी पर गरीबों को अपने एजेंडे में कभी जगह नहीं देने और परिवार के हितों के लिए प्रदेश को पीछे रखने का आरोप लगाया था।
ये भी पढ़ें:
UP में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 17 IAS अधिकारियों का तबादला, देखें पूरी List









