बहुजन समाज पार्टी (BSP) की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने मंगलवार को स्पष्ट किया कि पार्टी पंजाब विधानसभा चुनाव बिना किसी गठबंधन के अपने दम पर लड़ेगी। उन्होंने कहा कि पंजाब में भी बसपा उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड की तरह अकेले चुनाव मैदान में उतरेगी।
अपने संगठन और जनाधार के बल पर चुनाव लड़ेगी बसपा
मायावती ने यह घोषणा पार्टी के केंद्रीय कैंप कार्यालय में पंजाब में पार्टी के जनाधार और संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा के लिए आयोजित बैठक में की। बसपा की ओर से जारी बयान के अनुसार, उन्होंने कहा कि चुनावी गठबंधन से सीटों और वोट प्रतिशत को होने वाले नुकसान का कार्यकर्ताओं के मनोबल पर प्रतिकूल असर पड़ता है। इसलिए पार्टी अपने संगठन और जनाधार के बल पर चुनाव लड़ेगी।
कर्मठ और ईमानदार लोगों को उम्मीदवार बनाए पर जोर
बसपा प्रमुख ने आगामी पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए कर्मठ और ईमानदार लोगों को उम्मीदवार बनाए जाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी (AAP), कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के कथित जनविरोधी रवैये से परेशान जनता के सामने बसपा की ‘सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय’ और आंबेडकरवादी नीतियों को विकल्प के रूप में प्रस्तुत किया जाना चाहिए।
बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने के निर्देश
मायावती ने कहा कि यह महान संत गुरु रविदास, बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर और बसपा संस्थापक कांशीराम के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने पंजाब में पार्टी संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और जनाधार बढ़ाने के लिए दिए गए दिशा-निर्देशों की समीक्षा की। साथ ही, सामने आई कमियों को समयबद्ध तरीके से दूर करने के निर्देश दिए।
उन्होंने पंजाब बसपा इकाई से 9 अक्टूबर को पार्टी संस्थापक कांशीराम की पुण्यतिथि पर आयोजित कार्यक्रम को पूरी तैयारी के साथ सफल बनाने का आह्वान किया। मायावती ने कहा कि 15 जनवरी 2027 को ‘जनकल्याणकारी दिवस’ के अवसर पर आर्थिक सहयोग पिछली बार से बेहतर होना चाहिए, क्योंकि आंबेडकरवादी आंदोलन को आगे बढ़ाने के लिए यह आवश्यक है।
पंजाब में अकेले चुनाव लड़ेगी बीजेपी
इससे पहले, भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अलेके चुनाव लड़ने का ऐलान किया। दरअसल, पंजाब में विधानसभा चुनाव नजदीक आते ही सभी राजनीतिक दलों ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टियां लगातार संगठन को मजबूत करने और चुनावी रणनीति बनाने में जुटी हैं। बीजेपी ने बीते दिन पंजाब चुनाव को लेकर साफ कर दिया है कि वह राज्य की सभी 117 विधानसभा सीटों पर अकेले चुनाव लड़ेगी। पार्टी के संगठन महासचिव बीएल संतोष ने इसकी जानकारी दी।
ये भी पढ़ें-





