रेलवे का कोच अटेंडेंट करता था शराब की तस्करी, जीआरपी ने किया गिरफ्तार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


बिहार में काफी लंबे समय से शराब पर प्रतिबंध है। इसके बावजूद चोरीछिपे कुछ लोग वहां शराब पहुंचने का काम करते हैं। अब जीआरपी ने उत्तर प्रदेश के ब​लिया से एक आरोपी को पकड़ने में कामयाबी हासिल की है। खास बात ये है कि आरोपी रेलवे में ही कोच अटेंडेंट का काम करता था। उसके पास से शराब की बोतलें भी बरामद हुई हैं। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। अब आगे की कार्रवाई की जा रही है। 

गरीब नवाज एक्सप्रेस का कोच अटेंडेंट गिरफ्तार

बलिया रेलवे स्टेशन से जीआरपी ने शराब तस्करी के आरोप में गरीब नवाज एक्सप्रेस के एक कोच अटेंडेंट को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी उत्तर प्रदेश से शराब खरीदकर बिहार ले जाता था और वहां ऊंची कीमत पर बेचता था। बिहार में शराबबंदी के कारण शराब की मांग और कीमत अधिक होने का फायदा उठाकर आरोपी कथित तौर पर मुनाफा कमाता था। बलिया जीआरपी ने आरोपी के पिट्ठू बैग से दो दर्जन से अधिक शराब की बोतलें बरामद की हैं। 

बलिया रेलवे स्टेशन पर चेकिंग के दौरान पकड़ा गया

पुलिस ने बताया कि बलिया रेलवे स्टेशन पर चलाए गए एक चेकिंग अभियान के दौरान आरोपी को संदिग्ध अवस्था में पकड़ा गया। उसके पिट्ठू बैग की तलाशी लेने पर दो दर्जन से अधिक शराब की बोतलें बरामद हुई हैं। पुलिस पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि वह ट्रेन नंबर 15716 गरीब नवाज एक्सप्रेस में बतौर कोच अटेंडेंट काम करता है। उसने खुलासा किया कि बिहार में शराबबंदी होने के कारण वहां शराब की काफी मांग है और यह काफी ऊंचे दामों पर बिकती है। इसी का फायदा उठाने के लिए वह उत्तर प्रदेश और अन्य राज्यों से सस्ती शराब खरीदता था और ट्रेन में अपने पद का लाभ उठाकर इसे बिहार ले जाकर महंगे दामों में बेच देता था। वह बलिया से शराब खरीदकर बिहार में शराब बेचने का लंबे समय से काम कर रहा था।

आरोपी का नेटवर्क पता करने की कोशिश कर रही है पुलिस

थाना प्रभारी राज कपूर सिंह ने बताया कि आरोपी राहुल कुमार राम के खिलाफ आबकारी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जेल भेज दिया गया है। जीआरपी अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या इस अवैध नेटवर्क में ट्रेन के अन्य कर्मचारी भी शामिल हैं।

बलिया से अमित कुमार की रिपोर्ट 

यह भी पढ़ें 

अग्निवीर भर्ती के मेडिकल में पास कराने के नाम पर देता था झांसा, बरेली में पकड़ा गया ठग

महोबा में बारिश बनी काल, कच्चा मकान ढहने से बुजुर्ग दंपत्ति की दर्दनाक मौत





Source link

Leave a Comment

और पढ़ें