सुपरस्टार यश की बहुप्रतीक्षित एक्शन-ड्रामा फिल्म ‘टॉक्सिक’ ने सिनेमाघरों में दस्तक देते ही बंपर शुरुआत की है। गीतू मोहनदास के निर्देशन में बनी इस एडल्ट-रेटेड फिल्म ने ट्रेड एनालिस्ट्स के सभी शुरुआती अनुमानों को ध्वस्त कर दिया है। रिलीज से पहले माना जा रहा था कि फिल्म घरेलू स्तर पर ₹80 से ₹85 करोड़ नेट और दुनिया भर में करीब ₹110 करोड़ ग्रॉस का कारोबार करेगी। हालांकि जब अंतिम आंकड़े सामने आए तो फिल्म ने भारतीय बाजार में ₹100 करोड़ नेट और वैश्विक स्तर पर ₹140 करोड़ ग्रॉस का आंकड़ा पार कर नया कीर्तिमान स्थापित कर दिया। इंडिया टीवी की प्रिडिक्शन रिपोर्ट में भी 100 करोड़ पार करने के आंकड़े दिए गए थे।
घरेलू बाजार में रिकॉर्डतोड़ कमाई
सैकनिल्क के डेटा के अनुसार ‘टॉक्सिक’ ने भारत में पहले दिन ₹101 करोड़ नेट और लगभग ₹120 करोड़ ग्रॉस की शानदार कमाई दर्ज की। इस कलेक्शन में सबसे बड़ा योगदान हिंदी बेल्ट का रहा, जहां फिल्म ने अकेले ₹55 करोड़ नेट जुटाए। मुख्य भाषा कन्नड़ में थिएटर्स में भीड़ के बावजूद कलेक्शन ₹25 करोड़ के अंदर ही सीमित रहा, जबकि तेलुगु डब संस्करण ने भी ₹11 करोड़ का अच्छा बिजनेस किया। इस रिकॉर्ड ओपनिंग के साथ ‘टॉक्सिक’ इस साल की दूसरी सबसे बड़ी घरेलू ओपनर बन गई है। यह केवल ‘धुरंधर 2’ के ₹103 करोड़ के रिकॉर्ड से थोड़ा ही पीछे रही।
विदेशी कलेक्शन और ऑल-टाइम ओपनिंग रिकॉर्ड्स
ओवरसीज मार्केट में फिल्म की पहुंच ‘धुरंधर 2’ या ‘पठान’ जैसी फिल्मों के मुकाबले सीमित देखी गई। अंतरराष्ट्रीय बाजारों से फिल्म ने पहले दिन लगभग 2 मिलियन डॉलर करीब 16-17 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया। फिर भी घरेलू मजबूत पकड़ के दम पर फिल्म का वैश्विक ग्रॉस कलेक्शन ₹140 करोड़ तक पहुंच गया। यह कन्नड़ सिनेमा के इतिहास की दूसरी सबसे बड़ी ओपनिंग है।
इस जबरदस्त आंकड़े के साथ ‘टॉक्सिक’ भारतीय सिनेमा की ऑल-टाइम टॉप-15 सबसे बड़ी ओपनिंग करने वाली फिल्मों की सूची में शामिल हो गई है। फिल्म ने पहले दिन के वैश्विक कलेक्शन के मामले में ‘पठान’ (₹104 करोड़), ‘एनिमल’ (₹116 करोड़), ‘आदिपुरुष’ (₹127 करोड़) और ‘जवान’ (₹129 करोड़) जैसी बड़ी ब्लॉकबस्टर फिल्मों को पीछे छोड़ दिया है। हालांकि यह यश की अपनी पिछली सुपरहिट फिल्म ‘केजीएफ चैप्टर 2’ (₹164 करोड़) और इस साल की सबसे बड़ी ओपनर ‘धुरंधर 2’ (₹205 करोड़) के रिकॉर्ड को तोड़ने से चूक गई।
फिल्म से जुड़ी जानकारी
26 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज हुई ‘टॉक्सिक’ में यश के साथ नयनतारा, कियारा आडवाणी, हुमा कुरैशी, रुक्मिणी वसंत और तारा सुतारिया मुख्य भूमिकाओं में हैं। रिलीज से पहले ही यह फिल्म अपने बोल्ड कंटेंट, इंटीमेट सीन्स और विवादित संवादों की वजह से चर्चा में रही थी। सेंसर बोर्ड ने बिना किसी बड़े कट के इसे ‘A’ सर्टिफिकेट के साथ पास किया था। भले ही फिल्म ने ओपनिंग डे पर रिकॉर्ड कमाई की हो, लेकिन क्रिटिक्स की तरफ से इसे मुख्य रूप से मिली जुली रेटिंग मिली हैं। ऐसे में देखना होगा कि आने वाले दिनों में यह खराब वर्ड-ऑफ-माउथ फिल्म के वीकेंड कलेक्शन को कितना प्रभावित करता है।









