दिल्ली में चलती खाली स्लीपर बस में छात्रा के साथ हुए गैंगरेप मामले में बड़ा अपडेट सामने आया है। इस गैंगरेप केस में पुलिस को अहम फॉरेंसिक सबूत मिले हैं। जांच के दौरान फिंगरप्रिंट से आरोपियों की मौजूदगी की पुष्टि हुई है। पुलिस के मुताबिक, पीड़िता और दोनों आरोपियों के फिंगरप्रिंट बस से मिले हैं।
पुलिस ने इस मामले में बस के ड्राइवर कुलदीप और कंडक्टर संदीप के कपड़े भी जब्त किए थे। इसके अलावा बस की सीटों और स्टीयरिंग से भी फॉरेंसिक सैंपल लिए गए हैं। इन सैंपल्स को जांच के लिए भेजा गया है। अब पुलिस को DNA रिपोर्ट का इंतजार है। DNA जांच की रिपोर्ट सामने आने के बाद मामले में फॉरेंसिक सबूतों की कड़ी और मजबूत होने की उम्मीद है। पुलिस बहुत जल्द ही इस केस की चार्जशीट दायर करेगी।
परी चौक से बस में बैठी थी छात्रा
पुलिस की जांच के मुताबिक, 4 अगस्त की रात नोएडा के परी चौक से पीड़िता ने बस में लिफ्ट ली थी। इसके बाद कथित तौर पर बस में उसके साथ गैंगरेप की वारदात हुई। पीड़िता उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले की रहने वाली है और 11वीं क्लास में पढ़ती है। छात्रा घरवालों से नाराज होकर बिना बताए निकल गई थी और नोएडा में रहने वाले अपने चचेरे-भाई के पास जा रही थी। भारी बारिश और अंधेरे के कारण छात्रा गलती से परी चौक पर उतर गई। इसी दौरान एक खाली स्लीपर बस वहां से गुजरी।
दरिंदगी के दौरान बस के CCTV थे बंद
छात्रा ने बस को रुकने का इशारा किया, जिसके बाद बस रुक गई। ड्राइवर-कंडक्टर ने उसे नोएडा सेक्टर- 63 जाने की बात कहकर बस में बैठा लिया। आरोप है कि बस चलने के कुछ देर बाद कंडक्टर ने पीड़िता के साथ अश्लील हरकत शुरू कर दी। पीड़िता के मुताबिक, इसके बाद ड्राइवर और कंडक्टर ने उसके साथ रेप किया और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि उसके साथ गैंगरेप परी चौक से नोएडा सेक्टर- 63 के बीच हुआ। बस के CCTV बंद थे। आरोपी पीड़िता को देर रात कश्मीरी गेट बस अड्डे के पास रिंग रोड पर उतारकर फरार हो गए।
47 किलोमीटर के सफर के दौरान गैंगरेप
घबराई हुई छात्रा ने कश्मीरी गेट पुलिस से संपर्क कर पूरी घटना की जानकारी दी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को तिमारपुर की एक बस पार्किंग से गिरफ्तार किया। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, आरोपी बस में खराबी आने के बाद बस को सूरजपुर की वर्कशॉप में रिपेयरिंग के लिए लेकर गए थे। बस की रिपेयरिंग के बाद ड्राइवर और कंडक्टर खाली बस लेकर तिमारपुर जा रहे थे। इसी दौरान परी चौक पर छात्रा उन्हें मिली। परी चौक से कश्मीरी गेट तक करीब 47 किलोमीटर का सफर बस ने तय किया। बस स्लीपर होने और पर्दे लगे होने के कारण किसी भी राहगीर को बस के अंदर का दिखाई नहीं दिया।
ये भी पढ़ें-
घर में लूट के बाद बेरहमी से हत्या, 58 वर्षीय महिला का शव कुर्सी पर बैठाकर भागे बदमाश









