नकली दरोगा ने पहले नशे का सामान किया जब्त और फिर उसे सप्लायर्स को ही बेच दिया, सामने आई अजब-गजब करतूत!

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


केरल के कोझिकोड से अजीबोगरीब मामला सामने आया है। दरअसल, पुलिस ने कोझिकोड में एक युवक को अरेस्ट किया है जो सब-इंस्पेक्टर बनकर पहले नशे का सामान तस्करों से जब्त करता और बाद में उसे आगे सप्लायर्स को बेच देता था। युवक की इस करतूत को सुनकर हर कोई हैरान है।

खुद SI बनकर छापेमारी करता था रोजित

कोझिकोड पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान रोजित के रूप में हुई है। वह फेरोक के पास चुंगम कल्लीथोड का रहने वाला है। पुलिस ने बताया कि कोझिकोड सिटी के अलग-अलग क्षेत्रों से ऐसी शिकायतें आ रही थीं कि एक शख्स खुद को सब-इंस्पेक्टर बताकर युवाओं से पैसे वसूल रहा है जिसके बाद District Anti-Narcotics Special Action Force ने पड़ताल शुरू की।

ज्वाइंट ऑपरेशन में पकड़ा गया रोजित

जांच के दौरान, मिली जानकारी के आधार पर DANSAF की टीम ने फेरोक पुलिस के साथ ज्वाइंट ऑपरेशन किया और बीते गुरुवार की रात को रमनट्टुकारा के वैद्यरंगडी से रोजित को दबोच लिया।

अवैध नशे का सामान जब्त करके बेच देता था रोजित

पुलिस के मुताबिक, आरोपी DANSAF अधिकारी बनकर अलग-अलग ठिकानों पर तलाशी लेता था और अवैध नशे के सामान खासकर MDMA जब्त करता था। पुलिस ने बताया कि इसके बाद आरोपी इस जब्त नशे के सामान को खरीदारों को बेच देता था। इस प्रकार वह बड़े पैमाने पर लेन-देन कर भारी प्रॉफिट कमाता था।

आरोपी रोजित के पास से बरामद हुआ MDMA

अधिकारियों ने कहा कि नकली दरोगा बनकर रोजित उन लोगों से भी रुपये वसूलता था जिनके पास से वह अवैध नशे का सामान जब्त करता था। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी के वक्त रोजित के पास से महज 2.5 ग्राम MDMA रिकवर हुआ था लेकिन आरोप है कि उसने कोझिकोड में कई लोगों को मादक पदार्थ बेचा था।

पुलिस की वर्दी में रोजित की तस्वीरें भी जब्त

पुलिस ने आगे बताया कि तलाशी में नकली पुलिस पहचान पत्र, हथकड़ी, एक एयर पिस्टल और पुलिस की वर्दी पहने हुए रोजित की पासपोर्ट साइज तस्वीरें भी बरामद की गई हैं। उन्होंने कहा कि पड़ताल का दायरा बढ़ाते हुए रोजित के पैसों के लेन-देन, बैंक खातों और मादक पदार्थ तस्करों के साथ अन्य संभावित संपर्कों का पता लगाया जा रहा है। इससे पहले हाल ही में दिल्ली के गोविंदपुरी में मादक पदार्थों की तस्करी पर बड़ी कार्रवाई की गई थी, जब भारी मात्रा में कोकीन और MDMA के साथ विदेशी नागरिक को गिरफ्तार किया गया था।

(इनपुट- भाषा)

ये भी पढ़ें- दवा की बजाय ड्रग्स बेचता था डॉक्टर, आबकारी विभाग ने किया गिरफ्तार; तीन लाख रुपये का मादक पदार्थ जब्त





Source link

Leave a Comment

और पढ़ें