आपका चश्मा भी हो जाता है बार-बार गंदा? ये 5 ट्रिक्स लेंस को बना सकते हैं नया

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


चश्मा पहनने वालों की सबसे बड़ी परेशानी होती है बार-बार लेंस पर धूल, उंगलियों के निशान या तेल जम जाना। धुंधला चश्मा न सिर्फ देखने में परेशानी पैदा करता है, बल्कि आंखों पर जोर भी डालता है जिससे सिरदर्द की समस्या हो सकती है। ऐसे में गंदे चश्ते को साफ कने के लिए लोग अपनी शर्ट के कोने या रूमाल का इस्तेमाल करते हैं और ये एक आम आदत भी है। लेकिन इससे लेंस पर हमेशा के लिए खरोंच आ सकती है। अगर आप भी गंदे चश्मे से परेशान हैं, तो यहां बताए गए आसान और असरदार टिप्स को अपनाकर चश्में को बिल्कुल नया जैसा चमका सकते हैं।

1. गुनगुने पानी और डिश सोप का जादू


चश्मे से तेल, पसीना और धूल हटाने का यह सबसे सुरक्षित और असरदार तरीका है। सबसे पहले अपने हाथों को अच्छे से धो लें। अब चश्मे के दोनों लेंस पर एक-एक छोटी बूंद माइल्ड डिश सोप डालें। इसे अपनी उंगलियों से हल्के हाथों से मलें और फिर हल्के गुनगुने पानी से धो लें। ध्यान रहे, पानी ज्यादा गर्म न हो वरना लेंस की कोटिंग खराब हो सकती है। धोने के बाद इसे सूखने दें।

2. माइक्रोफाइबर कपड़े का इस्तेमाल

ज्यादातर लोग टिश्यू पेपर, तौलिए या अपनी टी-शर्ट से चश्मा साफ करते हैं। ये चीजें छूने में मुलायम लग सकती हैं, लेकिन इनके छोटे रेशे लेंस पर खरोंच पैदा करते हैं। चश्मे को पोंछने के लिए हमेशा उसके बॉक्स में मिलने वाले ‘माइक्रोफाइबर क्लॉथ’ का ही इस्तेमाल करें। यह कपड़े का एक खास प्रकार है जो बिना कोई खरोंच छोड़े लेंस की गहराई से सफाई करता है।

3. घर पर बनाएं अपना लेंस क्लीनिंग स्प्रे

अगर आप सफर में हैं और साबुन-पानी से चश्मा धोना संभव नहीं है, तो आप अपना होममेड क्लीनिंग स्प्रे बना सकते हैं। एक छोटी स्प्रे बोतल में 3 हिस्सा रबिंग अल्कोहल और 1 हिस्सा पानी मिलाएं। इसमें सिर्फ एक बूंद डिश सोप डाल दें। जब भी चश्मा गंदा लगे, इसे स्प्रे करें और माइक्रोफाइबर कपड़े से पोंछ लें। आपका चश्मा तुरंत चमक उठेगा।

4. जिद्दी दागों के लिए सफेद सिरका

कई बार लेंस पर पानी की बूंदों के जिद्दी दाग या पुराना धुंधलापन जम जाता है। इसे हटाने के लिए सफेद सिरका एक बेहतरीन घरेलू उपाय है। इसके लिए एक कटोरी में पानी और सफेद सिरके को बराबर मात्रा में मिला लें। अब एक मुलायम माइक्रोफाइबर कपड़ा इस मिश्रण में हल्का सा भिगोएं और लेंस को हल्के हाथों से साफ करें। सिरका बिना किसी केमिकल नुकसान के चश्मे को शीशे की तरह चमका देता है।

5. किनारों की सफाई के लिए कॉटन बड्स

लेंस तो हम साफ कर लेते हैं, लेकिन फ्रेम और लेंस के बीच किनारों में महीनों की धूल और पसीना जमा रहता है। इसे साफ करने के लिए कॉटन बड्स का इस्तेमाल करें। इसे हल्का सा गीला करें और फ्रेम के किनारों के चारों ओर घुमाएं। सारी छिपी हुई गंदगी बाहर आ जाएगी और आपका पूरा चश्मा बिल्कुल नया दिखने लगेगा।





Source link

Leave a Comment

और पढ़ें