कानपुर में BSF परीक्षा के दौरान सिस्टम फेल, अभ्यर्थियों का हंगामा, परीक्षा रद्द, अब 18 सितंबर को दोबारा होगा पेपर

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


कानपुर:  उत्तर प्रदेश के कानपुर के  श्यामनगर स्थित एमडी इन्फोटेक सेंटर पर बुधवार को BSF HCM समेत विभिन्न पदों के लिए आयोजित ऑनलाइन परीक्षा तकनीकी गड़बड़ी के चलते रद्द कर दी गई। परीक्षा शुरू होने के कुछ ही देर बाद कई कंप्यूटर सिस्टम बंद होने से अभ्यर्थियों में नाराजगी फैल गई। देखते ही देखते 500 से ज्यादा परीक्षार्थी सेंटर के बाहर जुट गए और जमकर हंगामा किया।

केंद्र पर पहली, दूसरी और तीसरी तीनों पालियों में परीक्षा प्रस्तावित थी, लेकिन पहली पाली में ही तकनीकी समस्या सामने आने के बाद पूरी परीक्षा रद्द कर दी गई। अब BSF ने इस केंद्र के अभ्यर्थियों के लिए 18 सितंबर 2026 को दोबारा परीक्षा कराने की तारीख तय की है।

सुबह से ही शुरू हो गई थी अव्यवस्था

पहली पाली के अभ्यर्थियों को सुबह 7:30 बजे केंद्र में प्रवेश दिया जाना था, लेकिन परीक्षार्थियों के मुताबिक एंट्री करीब 8:30 बजे शुरू हुई। इसी दौरान बारिश होने के कारण बाहर खड़े कई अभ्यर्थी भीग गए। तीन परीक्षार्थियों के एडमिट कार्ड तक गीले हो गए। हालांकि बाद में उन्हें परीक्षा केंद्र में प्रवेश दे दिया गया। अभ्यर्थियों का कहना है कि लंबा इंतजार करने के बाद उन्हें परीक्षा कक्ष में बैठाया गया और करीब 9 बजे परीक्षा शुरू हुई।

पेपर शुरू होते ही बंद होने लगे कंप्यूटर

परीक्षार्थियों के मुताबिक परीक्षा शुरू होने के करीब 10-15 मिनट बाद कई कंप्यूटर सिस्टम अचानक बंद हो गए। कुछ अभ्यर्थियों के सिस्टम कुछ देर बाद दोबारा चालू हुए, जबकि कई कंप्यूटर लंबे समय तक बंद रहे। अभ्यर्थियों ने दावा किया कि करीब 9:55 बजे लगभग 20 मिनट तक सिस्टम बंद रहा। इसके बाद करीब 10:15 बजे भी कंप्यूटर सिस्टम में दोबारा तकनीकी समस्या आई। कई परीक्षार्थियों ने बार-बार सिस्टम बंद होने की शिकायत की। एक अभ्यर्थी के मुताबिक कुछ कंप्यूटर कई बार बंद और चालू हुए, जिससे परीक्षा देना संभव नहीं रहा।

जनरेटर की समस्या बताने पर बढ़ा विवाद

सिस्टम बंद होने के बाद जब अभ्यर्थियों ने केंद्र कर्मचारियों से कारण पूछा तो उन्हें जनरेटर की समस्या बताई गई। इस पर परीक्षार्थियों ने सवाल उठाया कि यदि बिजली की समस्या थी तो पंखे कैसे चल रहे थे। करीब 40 मिनट तक स्थिति सामान्य नहीं होने के बाद अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र से बाहर कर दिया गया। इसके बाद बड़ी संख्या में परीक्षार्थी आक्रोशित हो गए और सेंटर के बाहर हंगामा शुरू कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस और अधिकारी मौके पर पहुंचे और अभ्यर्थियों को समझाने का प्रयास किया।

अभ्यर्थियों ने परीक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल

बिहार के भोजपुर से परीक्षा देने आए शिव प्रकाश कुमार ने आरोप लगाया कि अभ्यर्थियों को लंबे समय तक इंतजार कराया गया। उनके मुताबिक पेपर शुरू होने के कुछ ही मिनट बाद कंप्यूटर बंद हो गया और कई परीक्षार्थियों के सिस्टम बार-बार फेल होते रहे। उनका कहना था कि करीब 70-80 अभ्यर्थियों के सिस्टम में बार-बार समस्या आ रही थी। अभ्यर्थियों ने मांग की कि परीक्षा जल्द दोबारा कराई जाए और उन्हें संभव हो तो नजदीकी सेंटर उपलब्ध कराया जाए, ताकि दोबारा लंबी यात्रा न करनी पड़े।

गोरखपुर से आए अमरजीत यादव ने भी सेंटर की व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि पहली पाली में प्रवेश से लेकर परीक्षा शुरू होने तक कई तरह की दिक्कतें सामने आईं। पेपर शुरू होने के करीब 10-15 मिनट बाद सिस्टम बंद हुआ और दोबारा चालू होने के बाद भी समस्या बनी रही।

हंगामे के बीच तोड़फोड़ का भी आरोप

परीक्षा रद्द होने के बाद सेंटर के बाहर काफी देर तक हंगामा चलता रहा। इस दौरान तोड़फोड़ किए जाने के आरोप भी सामने आए हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया।

अब 18 सितंबर को होगी दोबारा परीक्षा

एमडी इन्फोटेक सेंटर (केंद्र कोड-25916) पर BSF के विभिन्न पदों के लिए बुधवार को होने वाली परीक्षा रद्द कर दी गई है। केंद्र की ओर से जारी सूचना के अनुसार अब परीक्षा 18 सितंबर 2026 को दोबारा आयोजित की जाएगी। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे BSF के आधिकारिक पोर्टल पर परीक्षा से जुड़ी अगली सूचना और दिशा-निर्देश देखते रहें। फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि परीक्षा के दौरान सिस्टम में तकनीकी खराबी की वजह क्या थी और इतनी बड़ी संख्या में कंप्यूटर एक साथ प्रभावित कैसे हुए। अभ्यर्थी पूरे मामले की स्पष्ट जांच और परीक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग कर रहे हैं।

कानपुर से संवाददाता अनुराग श्रीवास्तव की रिपोर्ट

ये भी पढ़ें:

“डीएम अंकल, एक पैर खराब हो चुका है, साइकिल दिलवा दीजिए”, दिव्यांग छात्रा की मार्मिक अपील





Source link

Leave a Comment

और पढ़ें