ओडिशा के संबलपुर जिले के बुर्ला थाना क्षेत्र में शनिवार को फायरिंग की घटना में 36 वर्षीय व्यक्ति की गोली लगने से मौत हो गई। मृतक की पहचान मोहम्मद अनीस के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह घटना किसी आपसी विवाद और लंबे समय से चली आ रही व्यक्तिगत रंजिश से जुड़ी हुई बताई जा रही है। पुलिस की शुरुआती जांच में फिलहाल इस घटना के पीछे कोई अन्य कारण सामने नहीं आया है।
आरोपी ने नजदीक से मारी गोली
घटना के बाद पुलिस ने मामले में आरोपी को हिरासत में लिया है। आरोपी की पहचान झारसुगुड़ा के मंगल बाजार निवासी राजा स्वामी के रूप में हुई है। उसे बुर्ला पुलिस थाने में रखा गया है और उससे पूछताछ की जा रही है। घटनास्थल का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें आरोपी मृतक को गोली मारता दिखाई दे रहा है। यह घटना बीच बाजार सरे आम हो रही थी। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
पुलिस ने बरामद किया हथियार
फिलहाल पुलिस ने घटना में इस्तेमाल किया गया हथियार भी बरामद कर लिया है। मामले की जांच आगे जारी है और पुलिस घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल कर रही है। पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि शुरुआती जांच के आधार पर मामला दोनों पक्षों के बीच व्यक्तिगत विवाद तक सीमित नजर आ रहा है। फिलहाल ऐसा कोई संकेत नहीं मिला है कि यह घटना आम लोगों को निशाना बनाकर की गई हो या इससे आम जनता के लिए किसी व्यापक खतरे की स्थिति हो।
आपसी रंजिश में मारी गोली
संबलपुर के अतिरिक्त एसपी ने कहा, “मोहम्मद अनीस की एक मांस की दुकान है। उनकी दुकान बुर्ला के तिनिभा चौक पर थी। उनके पास झारसुगुड़ा जिले के निवासी राजा स्वामी काम कर रहे थे, जिनकी उम्र 25 साल है। दोनों के बीच किसी तरह की व्यक्तिगत रंजिश थी। आज सुबह लगभग 11 बजे राजा ने अनीस को बड़ी नजदीक से देसी पिस्तौल से गोली मार दी। प्राथमिक जांच में समझ आ रहा है की अनीस के शरीर में 3 गोलियां लगी हैं। अनीस को बुर्ला के सरकारी अस्पताल भेज गया है जबकि राजा को हिरासत में ले लिया गया है। मामले में पुलिस की जांच जारी है।” (इनपुट- शुभम कुमार)
यह भी पढ़ें-









