वरिष्ठ नागरिकों को FD पर मिल रहा 8.50% तक का बंपर ब्याज, जानें कितने समय के लिए जमा करने होंगे पैसे

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


वरिष्ठ नागरिकों को सामान्य नागरिकों की तुलना में एफडी खातों पर ज्यादा ब्याज मिलता है। देश के कई बैंक वरिष्ठ नागरिकों को सामान्य नागरिकों के मुकाबले 0.50 प्रतिशत तक का ज्यादा लाभ देते हैं। आज हम आपको कुछ ऐसे बैंकों के बारे में बताएंगे, जो वरिष्ठ नागरिकों को एफडी खातों पर मोटा ब्याज दे रहे हैं। इनमें कुछ बैंक तो ऐसे भी हैं जो वरिष्ठ नागरिकों को एफडी खातों पर 8.00 प्रतिशत और 8.50 प्रतिशत तक का बंपर ब्याज दे रहे हैं।

सूर्योदय स्मॉल फाइनेंस बैंक एफडी पर दे रहा है 8.50 प्रतिशत का ब्याज

रेगुलर बैंकों की तुलना में, स्मॉल फाइनेंस बैंक अपने ग्राहकों को ज्यादा ब्याज देते हैं। ये स्मॉल फाइनेंस बैंक वरिष्ठ नागरिकों को 5 साल की अवधि वाले फिक्स्ड डिपोजिट खातों पर 8.50 प्रतिशत तक का ताबड़तोड़ ब्याज ऑफर कर रहे हैं। सूर्योदय स्मॉल फाइनेंस बैंक वरिष्ठ नागरिकों को 5 साल की अवधि वाले एफडी खाते पर सबसे ज्यादा 8.50 प्रतिशत का ब्याज दे रहा है।

दूसरे स्मॉल फाइनेंस बैंक एफडी पर कितना दे रहे हैं ब्याज

सूर्योदय स्मॉल फाइनेंस बैंक के अलावा, जना स्मॉल फाइनेंस बैंक वरिष्ठ नागरिकों को 5 साल की अवधि वाले एफडी खाते पर 8.00 प्रतिशत का ब्याज ऑफर कर रहा है। उज्जीवन स्मॉल फाइनेंस बैंक वरिष्ठ नागरिकों को 5 साल की अवधि वाली एफडी स्कीम पर 7.70 प्रतिशत, उत्कर्ष स्मॉल फाइनेंस बैंक 7.50 प्रतिशत और इक्विटास स्मॉल फाइनेंस बैंक भी 5 साल की एफडी स्कीम पर वरिष्ठ नागरिकों को 7.50 प्रतिशत का ब्याज दे रहा है। ध्यान रखें कि 5 साल की अवधि वाले एफडी खातों पर दिया जा रहा ये ब्याज 3 करोड़ रुपये से कम अमाउंट वाली एफडी पर ही लागू हैं।

वरिष्ठ नागरिकों के लिए क्या हैं टीडीएस के नियम

वरिष्ठ नागरिकों के मामले में, अगर किसी बैंक में FD से मिलने वाला ब्याज एक वित्त वर्ष में 1 लाख रुपये से ज्यादा हो जाता है तो कमाए गए ब्याज पर 10 प्रतिशत का TDS काटा जाता है। इतना ही नहीं, अगर किसी ग्राहक के पास पैन नंबर नहीं है तो ये टीडीएस 20 प्रतिशत काटा जाता है। इनकम टैक्स रिटर्न (ITR) फाइल करते समय कटे हुए TDS को टैक्स रिफंड के तौर पर वापस पाया जा सकता है या अपनी कुल टैक्स देनदारी के साथ एडजस्ट किया जा सकता है।

डिस्क्लेमर: ये आर्टिकल सिर्फ जानकारी के उद्देश्य से लिखा गया है। किसी भी प्रकार के निवेश से पहले या वित्तीय जोखिम लेने से पहले अपने वित्तीय सलाहकार से सलाह जरूर लें। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के जोखिम के लिए उत्तरदायी नहीं होगा।

ये भी पढ़ें

ज्यादा चीनी, नमक और फैट वाले खाद्य उत्पादों पर लगाए जाएंगे चेतावनी वाले लेबल, FSSAI ने दिया प्रस्ताव





Source link

Leave a Comment

और पढ़ें