CM डॉ. मोहन यादव ने कभी नक्सल प्रभावित रहे बोंदारी के लोगों से किया संवाद, बालाघाट को दी 225 करोड़ की सौगात

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आज (शनिवार को) बालाघाट जिले के पूर्व में नक्सल प्रभावित रहे बोंदारी गांव में पहुंचकर गांव वालों से संवाद किया और इलाके के डेवलपमेंट व ग्रामीणों की जरूरतों पर चर्चा की। इस मौके पर सीएम डॉ. मोहन यादव ने पशुपालन को बढ़ावा देने, आवास सुविधा, पोषण आहार के इस्तेमाल की आदत विकसित करने के लिए जन-जागरूकता अभियान, वन विभाग के सहयोग, चिकित्सा एवं शिक्षा सुविधाओं और रोजगार के मौके बढ़ाने जैसे विषयों पर भी चर्चा की।

नक्सल प्रभावित रहे इलाकों में विकास कार्यों को दी जा रही प्राथमिकता

सीएम डॉ. मोहन यादव ने संबंधित अधिकारियों को इन सुविधाओं को क्षेत्र में बेहतर ढंग से स्थापित करने और शासन की योजनाओं का लाभ हर पात्र परिवार तक पहुंचाने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि नक्सलवाद से प्रभावित रहे क्षेत्रों में अब सुरक्षा के साथ विकास और विकास के साथ रोजगार को प्राथमिकता दी जा रही है। ग्रामीणों को लोकल लेवल पर आजीविका के मौके उपलब्ध कराकर उनकी इनकम बढ़ाने और युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़ने के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे।

बालाघाट को 225 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात

इसके अलावा, मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बालाघाट जिले के सर्वांगीण विकास के लिए अलग-अलग विभागों के माध्यम से 225 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की घोषणा की। इन कार्यों के माध्यम से क्षेत्र में सामाजिक और बुनियादी ढांचे को मजबूत किया जाएगा। सड़क, बिजली, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास, एग्रीकल्चर और इससे जुड़ी गतिविधियों समेत रोजगार और आजीविका के अवसरों का विस्तार किया जाएगा।

पशुपालन और कृषि जैसे गतिविधियों को दिया जाए बढ़ावा

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पूर्व में नक्सल प्रभावित रहे गांवों में विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जाए। स्थानीय संसाधनों और संभावनाओं के आधार पर पशुपालन, कृषि, उद्यानिकी, मत्स्य पालन, वन आधारित आजीविका और अन्य रोजगारपरक गतिविधियों को प्रोत्साहित किया जाए।

नक्सल से विकास की तरफ आगे बढ़ रहा बालाघाट

उन्होंने कहा कि बालाघाट अब नक्सल से विकास की तरफ आगे बढ़ रहा है। सरकार का टारगेट है कि क्षेत्र में स्थायी शांति के साथ सामाजिक और आर्थिक विकास को गति मिले और हर गांव और हर परिवार को विकास की मुख्यधारा से जोड़ा जाए। इससे पहले हाल ही में CM डॉ. मोहन यादव ने भिंड में गोदरेज की चौथी यूनिट का शुभारंभ किया था, जहां तैयार हुए प्रोडक्ट पूरे देश में सप्लाई होंगे।





Source link

Leave a Comment

और पढ़ें