समस्तीपुर: जिले के मोरवा प्रखंड अंतर्गत सोंगर पंचायत के मिर्जापुर गांव में हुए भीषण सड़क हादसे ने तीन परिवारों की खुशियां हमेशा के लिए छीन लीं। हादसे में गांव के तीन युवकों की एक साथ मौत हो जाने से पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है। जिस गांव में कुछ दिन पहले तक पर्व-त्योहार की तैयारियों को लेकर रौनक थी, वहां अब हर तरफ सिसकियां, आंसू और अपनों को खोने का दर्द दिखाई दे रहा है।
इस हादसे ने तीनों परिवारों को ऐसा जख्म दिया है, जिसकी भरपाई शायद कभी नहीं हो सकेगी। किसी ने अपना बेटा खोया तो किसी ने अपने बुढ़ापे का सहारा। तीनों युवकों की असमय मौत से गांव के लोग भी गहरे सदमे में हैं।
इकलौते पोते को खोने का दर्द देख नम हुईं आंखें
हादसे में जान गंवाने वाले विकास राम अपने परिवार का इकलौता बेटा था। परिवार के बुजुर्गों ने उससे कई उम्मीदें लगा रखी थीं। घर की आर्थिक स्थिति संभालने से लेकर बुजुर्गों के बुढ़ापे का सहारा बनने तक की जिम्मेदारी भविष्य में उसी के कंधों पर आने वाली थी। लेकिन एक सड़क हादसे ने परिवार के सारे सपनों को पलभर में बिखेर दिया।
विकास के दादा हरिलाल राम का दर्द देखकर वहां मौजूद लोगों की आंखें भर आईं। उन्होंने रुंधे गले से अपना दुख साझा करते हुए कहा कि जिस पोते के कंधे का सहारा लेकर वे अपनी अंतिम यात्रा की कल्पना करते थे, आज उसी पोते को अपने हाथों मुखाग्नि देनी पड़ी। इस पीड़ा को शब्दों में बयां करना भी मुश्किल है।
छठ घाट की सजावट की जिम्मेदारी संभाल रहा था दीपक
वहीं, दूसरे मृतक दीपक कुमार के परिवार पर भी दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। दीपक के पिता शंभू दास ने बताया कि गांव के छठ घाट की सजावट की मुख्य जिम्मेदारी उनके बेटे को दी गई थी। वह छठ पर्व की तैयारियों में जुटा हुआ था। इसी बीच दोस्तों के बुलाने पर वह उनके साथ बाइक से घर से निकल गया।
परिजनों को जरा भी अंदाजा नहीं था कि दोस्तों के साथ निकला दीपक अब कभी वापस नहीं लौटेगा। जिस बेटे के हाथों छठ घाट सजने वाला था, उसी बेटे की मौत की खबर ने परिवार को पूरी तरह तोड़कर रख दिया।
नवीन के पिता ने जताया अफसोस
तीसरे मृतक नवीन के पिता सुरेश दास ने भी घटना पर गहरा दुख जताया। उन्होंने इस हादसे के पीछे दोस्तों की संगति और उनके साथ जाने को जिम्मेदार ठहराते हुए अफसोस व्यक्त किया। उनका कहना था कि अगर उस समय तीनों युवक परिजनों की बात मान लेते और घर से बाहर नहीं जाते, तो शायद आज परिवारों को यह दुखद दिन नहीं देखना पड़ता।
शव गांव पहुंचते ही मचा कोहराम, सड़क पर उतरे लोग
मंगलवार को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद जब तीनों युवकों के शव गांव पहुंचे, तो पूरे मिर्जापुर में चीख-पुकार मच गई। अपने जवान बेटों के शव देखकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। गांव के हर घर में शोक का माहौल छा गया।
इधर, घटना से आक्रोशित स्थानीय लोगों ने चंदौली हाट के समीप मुख्य सड़क पर टायर जलाकर आवागमन बाधित कर दिया और विरोध प्रदर्शन किया। लोगों में हादसे को लेकर गहरा आक्रोश था। हालांकि, बाद में स्थानीय प्रबुद्ध लोगों और पुलिस प्रशासन की समझाइश के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ और सड़क पर यातायात सामान्य कराया गया।
मिर्जापुर गांव के लिए यह हादसा कभी न भूलने वाला दर्द बन गया है। एक साथ तीन नौजवानों की अर्थियां उठने से पूरा गांव गमगीन है। जिन घरों में कभी युवकों की हंसी गूंजती थी, वहां अब मातम और खामोशी है। पीछे छूट गए परिवारों के लिए जिंदगी पहले जैसी शायद कभी नहीं हो पाएगी।








