सिंघिया में मानवता शर्मसार! युवक को पेड़ से बांधकर बेरहमी से पीटा, पानी की जगह पेशाब पिलाने का आरोप

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

बिहार के समस्तीपुर जिले के सिंघिया थाना क्षेत्र के एक गांव में मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। लड़की को भगाने के आरोप में एक युवक के साथ कथित तौर पर अमानवीय व्यवहार किया गया। आरोप है कि कुछ लोगों ने युवक को बगीचे (गाछी) में पेड़ से हाथ-पैर बांधकर बेरहमी से मारपीट की और पानी मांगने पर पानी की जगह पेशाब पिलाया।

इस मामले में सिंघिया थानाध्यक्ष श्याम कुमार मेहता ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ लोगों ने एक व्यक्ति को जबरन पकड़कर गाछी में पेड़ से बांध रखा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने खोजबीन कर पीड़ित व्यक्ति को बरामद किया।

थानाध्यक्ष के अनुसार, पीड़ित ने पुलिस को बताया कि उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई और प्यास लगने पर पानी के बदले पेशाब पिलाया गया। इसके बाद पुलिस ने उसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सिंघिया में इलाज करवाया। पीड़ित के फर्द बयान के आधार पर मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई के लिए बिरौल थाना को हस्तांतरित कर दिया गया है, क्योंकि पीड़ित व्यक्ति दरभंगा जिले के बिरौल थाना क्षेत्र का निवासी है।

वहीं, दूसरी ओर बताया गया कि लड़की पक्ष की ओर से पीड़ित के भाई और उसके परिवार के सदस्यों के विरुद्ध लड़की के अपहरण का मामला पहले ही दर्ज कराया जा चुका है।

लड़की के अपहरण मामले में थानाध्यक्ष श्याम कुमार मेहता ने बताया कि जब तक लड़की की बरामदगी नहीं हो जाती और उसका न्यायालय में धारा 164 के तहत बयान दर्ज नहीं होता, तब तक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत करने की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ाई जा सकती।

फिलहाल इस घटना ने इलाके में कई सवाल खड़े कर दिए हैं। किसी भी आरोप की जांच और सजा देने का अधिकार कानून को है। कानून हाथ में लेकर किसी के साथ इस तरह का अमानवीय व्यवहार करना गंभीर चिंता का विषय है।

Kaushal kumar
Author: Kaushal kumar

Leave a Comment

और पढ़ें