समस्तीपुर: लोक आस्था के महापर्व छठ के समापन के बाद मंगलवार को समस्तीपुर शहर में अचानक लोगों और वाहनों की भीड़ बढ़ने से यातायात व्यवस्था पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गई। सुबह से ही शहर की प्रमुख सड़कों पर वाहनों का दबाव बढ़ता चला गया। देखते ही देखते स्थिति ऐसी हो गई कि समस्तीपुर-दरभंगा मुख्य मार्ग पर करीब चार घंटे तक भीषण जाम लगा रहा। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और बाइक, कार, ऑटो से लेकर बस तक रेंगते नजर आए।
जाम के कारण आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। कई वाहन चालक घंटों सड़क पर फंसे रहे, जबकि जरूरी काम से निकले लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में काफी देरी हुई।
छठ के बाद घर लौटने वालों की उमड़ी भीड़
दरअसल, छठ महापर्व समाप्त होने के बाद मंगलवार को बड़ी संख्या में लोग गांवों से वापस शहर लौटने लगे। वहीं, शहर से दूसरे राज्यों में नौकरी और रोजगार के लिए जाने वाले लोगों की भी आवाजाही बढ़ गई। इसके साथ ही स्कूल, कॉलेज और कोचिंग संस्थानों में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं की वापसी भी शुरू हो गई।
एक ही दिन में इतनी बड़ी संख्या में लोगों के सड़कों पर निकलने से यातायात व्यवस्था पर अचानक दबाव बढ़ गया। सुबह से ही प्रमुख मार्गों पर वाहनों की संख्या सामान्य दिनों की अपेक्षा काफी अधिक रही। धीरे-धीरे सड़कों पर वाहनों की रफ्तार थमने लगी और पूरा शहर जाम की समस्या से जूझने लगा।
पुराने टुनटुनियां गुमटी के पास रेलवे लाइन पार करते दिखे लोग
जाम का सबसे ज्यादा असर समस्तीपुर-दरभंगा मुख्य मार्ग सहित शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर देखने को मिला। पुराने टुनटुनियां गुमटी के समीप वाहनों की लंबी कतार लगने के कारण कई लोग जल्द रास्ता तय करने के लिए रेलवे लाइन पार कर पैदल जाते दिखाई दिए।
वहीं, थानेश्वर पैदल पुल पर भी लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। स्थिति ऐसी हो गई कि पुल से पैदल गुजरना तक मुश्किल हो गया था। वाहन चालकों के साथ पैदल यात्रियों को भी काफी परेशानी उठानी पड़ी।
कई लोग ट्रेन पकड़ने की जल्दी में थे तो कुछ अपने जरूरी काम से निकले थे, लेकिन जाम के कारण सभी को घंटों इंतजार करना पड़ा। जल्दबाजी में कुछ वाहन चालक एक-दूसरे के आगे गाड़ियां खड़ी कर दे रहे थे, जिससे स्थिति और बिगड़ती चली गई।
जाम हटाने के लिए पुलिस को करनी पड़ी कड़ी मशक्कत
शहर में बिगड़ती यातायात व्यवस्था को देखते हुए नगर पुलिस और ट्रैफिक पुलिस के जवानों को सड़क पर उतरना पड़ा। जाम पर काबू पाने के लिए पुलिस लाइन से भी अतिरिक्त जवानों को बुलाया गया। पुलिसकर्मी लगातार अलग-अलग स्थानों पर तैनात होकर वाहनों को व्यवस्थित कराने और यातायात सुचारु करने में जुटे रहे।
काफी देर तक चले प्रयास के बाद धीरे-धीरे वाहनों की आवाजाही सामान्य होने लगी। दोपहर बाद शहर की सड़कों से जाम हटाया जा सका, जिसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली।
क्या बोले ट्रैफिक थानाध्यक्ष?
इस संबंध में ट्रैफिक थानाध्यक्ष राकेश रंजन ने बताया कि छठ महापर्व समाप्त होने के बाद बड़ी संख्या में लोग अपने कामकाज पर लौट रहे हैं। इसके अलावा स्कूल, कॉलेज और कोचिंग संस्थानों में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं की आवाजाही भी बढ़ गई है। अचानक वाहनों और लोगों की संख्या बढ़ने से शहर में जाम की स्थिति उत्पन्न हुई।
उन्होंने बताया कि जाम से निपटने के लिए ट्रैफिक थाने के जवान लगातार सड़कों पर तैनात रहे। पुलिसकर्मियों के प्रयास से दोपहर बाद यातायात व्यवस्था को सामान्य करा दिया गया।
छठ के बाद समस्तीपुर में उमड़ी भीड़ ने एक बार फिर शहर की यातायात व्यवस्था और जाम की समस्या को उजागर कर दिया। त्योहारों के बाद बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए यातायात प्रबंधन की बेहतर व्यवस्था की जरूरत महसूस की जा रही है।








