बिहार पुलिस में नौकरी लगते ही पत्नी प्रेमी संग हुई फरार! पति बोला; पढ़ाया-लिखाया, नौकरी लगने के बाद छोड़ गई साथ

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


बिहार के रोहतास जिले के डालमियानगर थाना क्षेत्र के प्रयाग बिगहा से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने चर्चित ज्योति मौर्या प्रकरण की यादें ताजा कर दी हैं। यहां एक पति का आरोप है कि उसने शादी के बाद अपनी पत्नी को पढ़ाया-लिखाया और उसकी बिहार पुलिस में नौकरी लगने के बाद पत्नी अपने प्रेमी के साथ ससुराल से फरार हो गई। पत्नी के इस तरह चले जाने के बाद पीड़ित पति ने डालमियानगर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराकर न्याय की गुहार लगाई है।

शादी के बाद पत्नी की पढ़ाई में किया सहयोग

डालमियानगर थाना क्षेत्र के प्रयाग बिगहा निवासी अजय सिंह की शादी 26 जनवरी 2025 को अर्चना भारती के साथ हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी। शादी के शुरुआती छह महीने तक सब कुछ सामान्य रहा और अर्चना अपने ससुराल में पति के साथ रह रही थी। पति अजय सिंह का आरोप है कि शादी के बाद उन्होंने अपनी पत्नी की पढ़ाई-लिखाई में पूरा सहयोग किया। इसी दौरान उनकी पत्नी की बिहार पुलिस में नौकरी लग गई। अजय के मुताबिक, पत्नी की नौकरी लगने के बाद उसे प्रशिक्षण के लिए जाना था और इसी बीच 3 जुलाई 2026 को वह कथित तौर पर अपने प्रेमी के साथ घर से चली गई।

पहले से चल रहा था प्रेम प्रसंग

अजय सिंह का दावा है कि उनकी पत्नी अर्चना भारती का डेहरी इलाके के गांधी नगर निवासी विवेक नामक युवक के साथ पहले से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। पति के अनुसार, अर्चना को कथित प्रेमी के साथ मोबाइल पर चैट करते हुए परिवार के लोगों ने पहले भी पकड़ा था। उस समय परिवार के सदस्यों ने समझाया-बुझाया तो मामला शांत हो गया और अर्चना ने भविष्य में ऐसी कोई बात नहीं होने का भरोसा दिया।

शादी के आभूषण और नकदी भी साथ ले गई पत्नी 

अजय का आरोप है कि घर से जाते समय उसकी पत्नी शादी के आभूषण और नकदी भी अपने साथ ले गई। अजय सिंह डेहरी डालमियानगर परिषद में प्राइवेट काम करते हैं। अजय सिंह ने डालमियानगर थाने में लिखित शिकायत दी और पुलिस से अपनी पत्नी तथा उसके कथित प्रेमी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पुलिस पता लगाने में जुटी है कि विवाहिता किन परिस्थितियों में घर से गई, उसके साथ कौन था और पति की ओर से लगाए गए आरोपों में कितनी सच्चाई है। वहीं, महिला पुलिसकर्मी और उसके कथित प्रेमी के संबंध में लगाए गए आरोपों की भी जांच की जा रही है।

( रोहतास से रंजन सिंह की रिपोर्ट )

ये भी पढ़ें: 

महिला ने कॉलर पकड़कर पति को रोड पर घसीटा, कर दी जमकर पिटाई; घंटों चला हाई-वोल्टेज ड्रामा





Source link

Leave a Comment

और पढ़ें