भारत ने श्रीलंका को दो मैचों की टेस्ट सीरीज में 1-0 से मात दी। गॉल में खेले गए सीरीज के पहले मैच में टीम इंडिया ने श्रीलंका को 165 रनों हराया था। इसके बाद कोलंबो में खेला गया दूसरा टेस्ट मैच ड्रॉ पर खत्म हुआ। श्रीलंका सीरीज के खत्म होने के बाद सिर्फ दो दिनों के भीतर ही सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट वाले खिलाड़ी सीधे बेंगलुरु के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस पहुंच गए। मैदान पर लगातार मेहनत करने के बावजूद खिलाड़ियों ने तुरंत अपना फिटनेस टेस्ट दिया। दरअसल, आने वाले आठ महीनों में टीम का शेड्यूल काफी व्यस्त रहने वाला है, जो अगले साल 2027 के आईपीएल तक चलेगा।
जडेजा-पंत समेत कई खिलाड़ी पहुंचे बेंगलुरु
श्रीलंका के खिलाफ हाल ही में खत्म हुई टेस्ट सीरीज में कड़ी मेहनत करने के बाद भी टीम इंडिया के स्टार खिलाड़ियों को आराम नहीं मिला। रवींद्र जडेजा, ऋषभ पंत और यशस्वी जायसवाल जैसे टेस्ट मैच के रेगुलर खिलाड़ियों के साथ-साथ श्रेयस अय्यर, रिंकू सिंह, संजू सैमसन और ऋतुराज गायकवाड़ जैसे प्लेयर्स नए सीजन की शुरुआत से पहले बेंगलुरु पहुंचे। श्रीलंका सीरीज में मैदान पर लगातार कई दिन बिताने और थकान के बावजूद, इन सभी क्रिकेटरों ने अपनी फिटनेस साबित करने के लिए बीसीसीआई की फिटनेस ड्रिल में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
कौन-कौन से फिटनेस टेस्ट होते हैं?
भारतीय क्रिकेट टीम में जगह बनाए रखने के लिए खिलाड़ियों को कई सख्त फिटनेस पैमानों पर खरा उतरना पड़ता है। इसमें सबसे पहले ‘ब्रोंको टेस्ट’ होता है, जिसमें खिलाड़ियों को 5 मिनट 30 सेकंड के अंदर लगभग 1200 मीटर तक अलग-अलग दूरी पर दौड़ना होता है, जिससे उनकी रफ्तार और स्टैमिना का पता चलता है। इसके बाद खिलाड़ियों की कार्डियो फिटनेस जांचने के लिए 2 किलोमीटर की दौड़ होती है, जिसे 10 मिनट के अंदर पूरा करना अनिवार्य है। इसके साथ ही, यो-यो टेस्ट और विकेटों के बीच तेजी से दौड़ने जैसी क्रिकेट से जुड़ी खास प्रैक्टिस ड्रिल भी कराई जाती है।
बुमराह और पांड्या को मिली राहत
चोट के कारण तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह, ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या और नितीश कुमार रेड्डी फिलहाल इस फिटनेस टेस्ट से दूर हैं। पूरी तरह से ठीक होने के बाद ही उनका टेस्ट लिया जाएगा। वहीं, मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा को श्रीलंका के खिलाफ दो टेस्ट मैचों में काफी ज्यादा गेंदबाजी करने की वजह से थकावट के चलते इस टेस्ट से राहत दी गई है। दूसरी ओर, इंग्लैंड दौरे पर हैमस्ट्रिंग की चोट से परेशान रहे प्रिंस यादव अब बिल्कुल फिट हो चुके हैं और चयन के लिए पूरी तरह उपलब्ध हैं।
सितंबर में शुरू होगा BCCI का घरेलू सीजन
भारतीय क्रिकेट टीम का नया घरेलू सीजन सितंबर महीने से शुरू होने जा रहा है। बीसीसीआई के इस नए शेड्यूल के तहत भारत सबसे पहले नई दिल्ली में अफगानिस्तान के खिलाफ तीन मैचों की टी20 सीरीज खेलेगा। इसके तुरंत बाद भारतीय क्रिकेट के दो अलग-अलग टीमें एक्शन में नजर आएंगी। मुख्य टी20 टीम एशियन गेम्स में हिस्सा लेने के लिए जापान रवाना होगी। जबकि दूसरी टीम देश में ही वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे और टी20 सीरीज खेलेगी।
यह भी पढ़ें
7.5 ओवर में ही हासिल किया टारगेट, एशिया कप में श्रीलंका महिला टीम की रिकॉर्ड तोड़ जीत
नामीबिया से मात खाने के बाद साउथ अफ्रीका की धमाकेदार वापसी, ब्रेविस ने तूफानी पारी खेलकर दिलाई जीत








