यूपी के देवरिया जिले के सलेमपुर के मझौलीराज में मंच से बोलते हुए देवरिया सदर विधायक शलभ मणि त्रिपाठी ने इस्लामिक झंडे पर AK-47 का चिन्ह लगाए जाने के मामले और असदुद्दीन ओवैसी के बयान पर पलटवार करते हुए बड़ा बयान दिया है। शलभ मणि त्रिपाठी ने कहा कि इस्लामी झंडे पर AK-47 का चिन्ह लगाना इस्लामी परंपरा के नाम पर गलत संदेश देने का प्रयास है। उन्होंने आगे कहा कि प्रशासन की कार्रवाई के बाद असदुद्दीन ओवैसी बौखला गए हैं।
इस्लामिक झंडों से सनातनी डरने वाला नहीं हैं
BJP विधायक शलभ मणि त्रिपाठी ने कहा कि देवरिया के मझौलीराज में लगे एके-47 वाले झंडों से सनातनी डरने वाला नहीं हैं। उन्होंने दावा किया कि सनातनी डरता नहीं, बल्कि चरमपंथियों का मुकाबला करता है। शलभ मणि त्रिपाठी ने आगे कहा कि इस्लामी झंडे की आड़ में AK-47 का चिन्ह लगाने का प्रयास किया गया तो प्रशासन सख्त कार्रवाई करेगा। बयान के दौरान विधायक ने कड़े और आक्रामक शब्दों में चेतावनी भी दी।
असदुद्दीन ओवैसी पर भी शलभ मणि ने साधा निशाना
मंच से बोलते हुए सदर विधायक शलभ मणि त्रिपाठी ने कहा कि एके-47 वाले झंडे हटाए जाने को लेकर प्रशासन ने कार्रवाई की है तो AIMIM चीफ असदुद्दीन ओवैसी बहुत बौखलाए हुए हैं। ओवैसी कह रहे हैं कि देखो हमारे झंडे से डर गए। ओवैसी साहब हम आपको बताना चाहते हैं कि मझौली राज और देवरिया के सनातनी डरते नहीं हैं।
शलभ मणि ने कही छठी का दूध दिलाने की बात
शलभ मणि त्रिपाठी बोले कि आपको कहना चाहते हैं कि आपका त्योहार है, आप त्योहार मनाइए लेकिन देवरिया की पवित्र भूमि पर किसी ने इस्लामिक झंडे की आड़ में एके-47 लगाकर सनातनियों को डराने का प्रयास किया तो छठी का दूध याद दिला देंगे। इससे पहले हाल ही में असदुद्दीन ओवैसी ने अखिलेश यादव को गठबंधन का ऑफर दिया था। वे बोले कि अभी भी वक्त है, वरना तेजस्वी जैसा हाल होगा।
राम नगीना यादव की हत्या का भी किया जिक्र
शलभ मणि त्रिपाठी ने आगे कहा कि आप जब देवरिया से प्रवेश करके सलेमपुर के लिए आते होंगे। देवरिया में प्रवेश करते ही आपको एक बाबरी मस्जिद जैसी चीज नजर आती होगी। आपने जब 2022 में आशीर्वाद देकर मुझे विधायक बनाया, मैंने देखा कि बाबरी मस्जिद जैसी एक चीज देवरिया के रेलवे ओवरब्रिज पर खड़ी है। वो बाबरी मस्जिद जैसी चीज मुझे बहुत खटकती थी। और इसलिए खटकती थी कि सरकारी जमीन को कब्जा करके वहां पर दिनदहाड़े मजार बना दी गई थी। हमारे प्रचारक राम नगीना यादव, उन्होंने जब इस बाबरी मस्जिद जैसी मजार का विरोध किया, राम नगीना यादव की दिन दहाड़े हत्या कर दी गई थी।
(इनपुट- विनोद कुमार द्विवेदी)
ये भी पढ़ें- ओवैसी की हुंकार- मुस्लिम एकजुट हों, यूपी में भी दिखे बिहार जैसी ताकत








