दिल्ली-एनसीआर में सोमवार को सुबह से ही कई इलाकों में भारी बारिश हो रही है। हालांकि इसका असर गुरुग्राम पर काफी बुरा देखने को मिल रहा है। गुरुग्राम में बारिश के बाद कई जगहों पर जलजमाव हो गया है। शहर के कई हिस्सों में पानी भर गया और दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेसवे और मुख्य सड़कों पर ट्रैफिक की रफ़्तार धीमी हो गई है। जानकारी के मुताबिक गुरुग्राम के सोहना रोड पर बारिश के बाद महाजाम लगा हुआ है। यहां 3 घंटे से लोग जाम में फंसे हुए हैं। इसमें कई स्कूली छात्र भी घंटों से जाम में फंसे हैं।
गुरुग्राम में वर्क फ्रॉम होम की एडवाइजरी
भारी बारिश के बीच गुरुग्राम में एक बार फिर वर्क फ्रॉम होम को लेकर एडवाइजरी जारी कर दी गई है। एडवाइजरी के तहत 25 अगस्त को कॉरपोरेट ऑफिसों को WFH की सलाह दी गई है। इसके अलावा स्कूलों को भी ऑनलाइन क्लास संचालित करने की हिदायत दी गई है। डीसी उत्तम सिंह ने सरकारी और निजी संस्थानों के लिए यह एडवाइजरी जारी की है। बारिश के बाद जगह-जगह जलभराव और ट्रैफिक जाम के चलते यह फैसला लिया गया है। इसके साथ ही लोगों से अनावश्यक आवाजाही से बचने की अपील की गई है।
गुरुग्राम के कई इलाकों में जलभराव
बता दें कि गुरुग्राम में हुई बारिश की वजह से नरसिंहपुर, हीरो होंडा चौक, राजीव चौक, इफको चौक और पुराने गुरुग्राम के कई इलाकों में पानी भर गया है। राजीव चौक के आसपास गाड़ियां काफी देर तक पानी में फंसी रहीं, जबकि सोहना रोड पर स्कूल बसें और एम्बुलेंस भी जलजमाव में फंस गईं। जिला प्रशासन ने बताया कि दोपहर 1:30 बजे तक गुरुग्राम में 70 मिमी बारिश हुई। राजीव चौक, इफको चौक, रेलवे रोड, सेक्टर 5, ओल्ड दिल्ली रोड, महरौली रोड और बसई रोड जैसे मुख्य इलाके बुरी तरह प्रभावित हुए। नाहरपुर अंडरपास में भी पानी भर गया।
जलभराव की वजह से लगा लंबा जाम
बारिश की वजह से कई सड़कों पर ट्रैफिक की रफ़्तार धीमी पड़ गई और लोग पानी भरी सड़कों से होकर गुजरते दिखे। सदर बाजार, गुरुद्वारा रोड और ओल्ड दिल्ली रोड समेत पुराने गुरुग्राम के कुछ हिस्सों में जलजमाव के कारण दोपहर तक ट्रैफिक जाम रहा। ट्रैफिक पुलिस के एक सीनियर अधिकारी ने बताया कि दोपहर में सिरहौल बॉर्डर, राजीव चौक, नरसिंहपुर और कुछ अन्य जगहों पर गाड़ियों की आवाजाही बाधित रही। उन्होंने कहा कि स्थिति को संभालने के लिए ट्रैफिक पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया था।
दिल्ली एयरपोर्ट पर 15 उड़ानें डायवर्ट
दिल्ली और आस-पास के अन्य इलाकों में भी बारिश हुई। बारिश की वजह से दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में जलभराव देखने को मिला। बारिश की वजह से राजधानी में विमान सेवाएं भी प्रभावित हुईं। एक अधिकारी के अनुसार, सोमवार को खराब मौसम की वजह से दिल्ली एयरपोर्ट पर कम से कम 15 उड़ानों का रास्ता बदलना पड़ा। खराब मौसम के कारण राजधानी के IGI एयरपोर्ट पर कई उड़ानें देर से चलीं और कुछ रद्द कर दी गईं।
दिल्ली-एनसीआर में रेड और ऑरेंज अलर्ट
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने बताया कि दिल्ली-एनसीआर में आंधी-तूफान और बिजली कड़कने के साथ भारी बारिश पूरे दिन जारी रहेगी। खासकर दक्षिण-पूर्वी दिल्ली, पूर्वी दिल्ली, शाहदरा और मध्य दिल्ली के इलाकों में बारिश का दौर जारी रहेगा। मौसम विभाग ने सोमवार के लिए अपने पूर्वानुमान में कहा है कि पश्चिमी दिल्ली, उत्तर-पश्चिमी दिल्ली और उत्तरी दिल्ली में भी बिजली कड़कने के साथ मध्यम बारिश की संभावना है। इसके साथ ही हवा की गति 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे के बीच रहने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने दिल्ली-एनसीआर में रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए लोगों को सावधान रहने और जलजमाव वाले इलाकों में जाने से बचने की सलाह दी है। साथ ही, लोगों से पेड़ों के नीचे शरण न लेने और जलाशयों के पास न जाने को कहा गया है। (इनपुट- गोहित कौशिक)
यह भी पढ़ें-
टोल प्लाजा पर लेन बदलते समय हुआ हादसा, डिवाइडर से टकराई बस, कई यात्री घायल; CCTV फुटेज आया सामने








