राजधानी दिल्ली के ITO रेड लाइट पर पुराने पुलिस मुख्यालय (PHQ) के ठीक सामने एक भीषण सड़क हादसा की घटना सामने आई है। तेज रफ्तार और अनियंत्रित कार ने सड़क के बीच बने डिवाइडर को जोरदार टक्कर मारी और उसे तोड़ते हुए सड़क के दूसरी ओर जा पहुंची। हादसा इतना भयानक था कि कार के परखच्चे उड़ गए और वह फुटपाथ पर लगी लोहे की ग्रिल में जाकर बुरी तरह फंस गई।
कर्नाटक सरकार की गाड़ी भी क्षतिग्रस्त
डिवाइडर से टकराने के बाद बेकाबू कार सामने से आ रही कर्नाटक सरकार की एक बोर्ड लगी गाड़ी से सीधे जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कर्नाटक सरकार की गाड़ी का अगला हिस्सा भी पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद ट्रैफिक पूरी तरह से बाधित हो गया।
CNG सिलेंडर लीकेज की कॉल से हड़कंप
इस हादसे के तुरंत बाद दमकल विभाग को दुर्घटनाग्रस्त गाड़ी से CNG सिलेंडर लीकेज होने की सूचना मिली। गैस लीकेज से किसी बड़े हादसे की आशंका को देखते हुए फायर ब्रिगेड ने तुरंत कार्रवाई की और दमकल की दो गाड़ियों को मौके पर रवाना किया।
दिल्ली के नरेला में तेज रफ्तार मर्सिडीज ने कई वाहनों को मारी थी टक्कर
बता दें कि इससे पहले दिल्ली के नरेला इलाके में मामुरपुर स्थित हिमालय अपार्टमेंट के सामने एक तेज रफ्तार मर्सिडीज कार ने कई वाहनों को जोरदार टक्कर मार दी थी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि अनियंत्रित होकर वैगनआर कार पीछे की ओर उछल गई थी। वैगनआर पास में खड़ी एक तिपहिया लोडिंग वैन से जा कर टकराई थी। इसी बीच एक 70 वर्षीय महिला (उर्मिला) सड़क किनारे खड़ी थी। वाहनों के दुर्घटनाग्रस्त होने के दौरान महिला भी चपेट में आ गई थीं।
जानकारी के मुताबिक, मर्सिडीज हरियाणा पुलिस के SI का बेटा शुभम चला रहा था। हालांकि यह गाड़ी शुभम की नहीं है। ये गाड़ी शुभम के दोस्त की है, जो एक दिन पहले दोस्त से कहीं जाने के लिए मांगी थी। फिलहाल शुभम को मौके से ही पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। शुरुआती जांच में ऐसा लग रहा है कि शुभम नशे में था, लेकिन मेडिकल जांच के बाद पता चलेगा कि शुभम नशे में था या नहीं।
ये भी पढ़ें-







