गाजीपुर में ग्रीनफील्ड हाईवे से मूकबधिर किशोरी का अपहरण, बाइक सवार बदमाशों का 24 घंटे बाद भी नहीं मिला सुराग

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। मुहम्मदाबाद कोतवाली क्षेत्र के प्रधान की बरेजी गांव में शनिवार दोपहर करीब 2:00 से 2:30 बजे के बीच एक 16 वर्षीय मूकबधिर किशोरी सपना राजभर का दिनदहाड़े अपहरण कर लिया गया। सपना ग्रीनफील्ड हाईवे के पास खेतों में अपनी बकरियां चरा रही थी। इसी दौरान अपाचे मोटरसाइकिल पर सवार दो अज्ञात युवक वहां पहुंचे और उसे जबरदस्ती बाइक पर बैठाकर तेज रफ्तार में फरार हो गए।

ग्रामीणों की कोशिश और परिजनों की चिंता

घटना के समय पास के खेतों में काम कर रहे ग्रामीणों और महिलाओं ने तुरंत शोर मचाते हुए बदमाशों को रोकने और उनका पीछा करने का प्रयास किया, लेकिन बाइक सवार आरोपी अपनी तेज रफ्तार के कारण तुरंत ही काफी आगे निकल गए। पीड़ित किशोरी जन्म से ही मूकबधिर है और बोल-सुन नहीं सकती, जिसके कारण उसके साथ किसी अनहोनी या गंभीर वारदात की आशंका से परिजन गहरे सदमे में हैं। बेटी के अचानक गायब हो जाने के बाद से पूरे परिवार में कोहराम मचा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। दिनदहाड़े हुई इस दुस्साहसिक घटना के बाद से गांव में दहशत का माहौल व्याप्त है और स्थानीय लोगों में अपनी सुरक्षा को लेकर भारी चिंता बनी हुई है।

 

24 घंटे बाद भी सुराग नहीं, पुलिस की कई टीमें गठित

घटना के 23 से 24 घंटे बीत जाने के बावजूद पुलिस के हाथ अब तक खाली हैं और किशोरी का कोई सुराग नहीं मिल सका है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए मुहम्मदाबाद कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। एसपी ग्रामीण अतुल सोनकर ने बताया कि पुलिस की कई टीमें गठित कर दी गई हैं, जिन्हें आसपास के थानों, संभावित मार्गों, गांवों और हाईवे पर तलाश अभियान में लगाया गया है। पुलिस प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज करने के साथ-साथ तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज की भी मदद ले रही है। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि सभी उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर जांच तेज़ी से आगे बढ़ाई जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर किशोरी को सकुशल बरामद कर लिया जाएगा।

गाजीपुर से शशि कान्त तिवारी की रिपोर्ट

यह भी पढ़ें

नोएडा के सेक्टर-123 में ट्यूबवेल की टंकी में गिरकर 4 साल के बच्चे की मौत, अथॉरिटी पर लापरवाही का आरोप

सीतापुर में सनसनी, कोर्ट से घर लौटी बहन को भाई ने उतारा मौत के घाट, धारदार हथियार से की हत्या





Source link

Leave a Comment

और पढ़ें