शख्स ने की सबसे कम टाइम में दिल्ली मेट्रो के सारे स्टेशनों की यात्रा, बना डाला गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) के कर्मचारी प्रफुल्ल सिंह ने दिल्ली मेट्रो नेटवर्क के सभी स्टेशनों की यात्रा सबसे कम समय में पूरी कर नया गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड की वेबसाइट के मुताबिक, उन्होंने यह उपलब्धि मात्र 14 घंटे, 54 मिनट और 36 सेकंड में हासिल की। यह रिकॉर्ड 23 मई को बनाया गया और हाल ही में इसकी चर्चा जोरों पर है।

सोशल मीडिया पर वायरल हुए प्रफुल्ल 

इस पोस्ट को इंस्टाग्राम पर @laughingcolours नामक हैंडल से भी शेयर किया गया है। प्रफुल्ल सिंह ने पिछले रिकॉर्ड को तोड़ दिया, जो सुजॉय कुमार मित्रा और शिप्रा गुप्ता ने जून 2023 में 15 घंटे, 21 मिनट और 4 सेकंड का बनाया था। यह उनका दूसरा मौका है जब उन्होंने इस श्रेणी में रिकॉर्ड बनाया। पहले 2021 में उन्होंने 254 स्टेशनों को 16 घंटे, 2 मिनट और 17 सेकंड में कवर कर यह रिकॉर्ड हासिल किया था। तब वे इस उपलब्धि को हासिल करने वाले पहले व्यक्ति बने थे।  

कहां से शुरू की थी यात्रा 

दावा किया गया है कि, यात्रा उन्होंने सुबह करीब 6 बजे वायलेट लाइन के राजा नाहर सिंह मेट्रो स्टेशन से शुरू की और शाम करीब 9 बजे गुरुग्राम के मिलेनियम सिटी सेंटर स्टेशन पर समाप्त की। उन्होंने पूरे दिल्ली मेट्रो नेटवर्क को एक विशाल लॉजिस्टिकल पहेली की तरह ट्रीट किया। डीएमआरसी में मेट्रो ऑपरेशंस से जुड़े होने के कारण उन्हें ट्रेन के शेड्यूल, टाइमिंग और नियमों की अच्छी जानकारी थी, जिससे उन्हें बेहतर रूट प्लान करने में मदद मिली। 

 


क्या कहते हैं गिनीज के नियम 

गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के नियमों के अनुसार, रिकॉर्ड के लिए निर्धारित स्टेशनों पर ट्रेन का रुकना जरूरी है। चुनौती लेने वाले को हर स्टेशन पर उतरने की जरूरत नहीं होती, लेकिन हर स्टेशन की विजिट का सबूत डिजिटल टाइमस्टैंप या घड़ी दिखने वाली फोटो के रूप में दर्ज करना पड़ता है। 

क्या बोले प्रफुल्ल सिंह

प्रफुल्ल सिंह ने कहा, ‘इस बार मैं काफी मार्जिन से रिकॉर्ड तोड़ने को लेकर आश्वस्त था। पिछली बार गलत रूट लेने की वजह से डेढ़ घंटे की देरी हो गई थी, लेकिन इस बार मुझे पूरा यकीन था।’ एक मीडिया नेटवर्क से बातचीत में उन्होंने बताया कि यह उपलब्धि उनके लिए सिर्फ व्यक्तिगत रिकॉर्ड नहीं है। डीएमआरसी से जुड़े होने के नाते उन्होंने इसे दिल्ली मेट्रो की पहुंच और दक्षता दिखाने तथा सार्वजनिक परिवहन के अधिक उपयोग को बढ़ावा देने का मौका माना। दिल्ली मेट्रो भारत का सबसे बड़ा और व्यस्ततम मेट्रो सिस्टम है, जो 2002 में शुरू हुआ और रोजाना हजारों ट्रिप करता है। 

धैर्स और प्लानिंग का उदाहरण

गौरतलब है कि, यह उपलब्धि न सिर्फ व्यक्तिगत धैर्य और प्लानिंग का उदाहरण है, बल्कि दिल्ली मेट्रो की दक्षता और विस्तार को भी रेखांकित करती है। नेटवर्क लगातार बढ़ रहा है और लोगों को सार्वजनिक परिवहन अपनाने के लिए प्रेरित करने वाला यह रिकॉर्ड प्रेरणादायक है। प्रफुल्ल सिंह की मेहनत और तैयारी ने साबित कर दिया कि सही रणनीति और ज्ञान के साथ बड़े लक्ष्य भी हासिल किए जा सकते हैं। 

बता दें कि, इससे पहले एक
रशियन टूरिस्ट ने दिल्ली मेट्रो की सुविधाओं से इंप्रेस होकर वीडियो शेयर किया था। 

डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया और रिपोर्ट्स में किए गए दावों पर आधारित है। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रमाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।

ये भी पढ़ें –

‘दिल्ली मेट्रो तो लंदन अंडरग्राउंड से भी ज्यादा सेफ…’ विदेशी महिला टूरिस्ट्स का रिएक्शन हो रहा वायरल





Source link

Leave a Comment

और पढ़ें